राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 फरवरी। स्वास्थ्य सेवाओं में गुणात्मक सुधार लाने एवं आमजनों को स्वच्छता से जोडऩे व कचरा पृथककरण के लिए जनजागरूकता लाने महापौर मधुसूदन यादव ने नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा तथा नगर निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह की उपस्थिति में तकनीकी व स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते कार्य करने के निर्र्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता और अपशिष्ठ प्रबंधन पर अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने शहरों के बीच स्वच्छ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना, बड़े पैमाने पर नागरिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना और स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूकता पैदा करना तथा अपने नागरिकों को बेहतर स्वच्छता सेवा प्रदान करना है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए सभी को गंभीरता से कार्य करना है।
महापौर ने कहा कि हमारा स्वास्थ्य अमला प्रतिदिन सजकता से कार्य कर रहा है, फिर भी स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की आवश्यकता होती है, इसलिए सभी मन लगाकर निधारित समय तक सफाई कराना सुनिश्चित करें, नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। उन्होंने कहा कि सभी स्वच्छता निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्र में प्रतिदिन मानिटरिंग करें। सडक़ों व गलियों के अलावा चौक-चौराहों की नियमित सफाई कराकर कचरा उठाएं। नाली की सफाई कर कचरा उठावे, मुक्कड की संख्या कम करें, प्रतिदिन प्लानिंग कर कार्य कराएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को भी स्वच्छता से जोड़े, मुक्कड या नाली में कचरा डालने पर समझाईस दें व कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि रूट चार्ट बनाकर कचरा संग्रहण करें, कचरा गाडियों में स्वच्छता का संदेश बजावे, गाडियों की मरम्मत करावे तथा सेन्टर को साफ -सुथरा व व्यवस्थित रखे, डिसप्ले बोर्ड लगावे। जिसमें सेन्टर की गतिविधियों का उल्लेख हो।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने वार्ड में निर्माण कार्य के अलावा स्वच्छता संबंधी कार्यो की मानिटरिंग करेंगे। सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों के मरम्मत कार्य जल्द पूर्ण कराएं। मुक्कड पाईंट में सीमेंटीकरण व बाउंड्री की मरम्मत कराएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छता से जोड़ अभी से फिटबैक लें। जिससे जो कमी है वो पता चलेगा।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने स्वच्छता सर्वेक्षण के पूर्व किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी देते बताया कि महापौर के निर्देशानुसार शासन के 15वें वित्त आयोग योजनांतर्गत निकाय क्षेत्र के समस्त वार्डों में मुक्कड़ों को चिन्हांकित कर उसका सौंदर्यीकरण करने, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों में सिटी ब्यूटीफिकेशन के तहत सौंदर्यीकरण करने, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण अंतर्गत घरों में डस्टबिन का वितरण करने तथा सफाई संबंधी वाहन क्रय करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। जिसकी अतिशीघ्र स्वीकृति प्राप्त होने वाली है।
बैठक में कार्यपालन अभियंता दीपक खाण्डे, कार्यपलान अभियंता (संविदा) यूके रामटेके, प्र.कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम, प्र.सहायक अभियंता गरिमा वर्मा व सुषमा साहू, राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी, प्र.स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा सहित उप अभियंता, स्वच्छता निरीक्षण, पीआईयू उपस्थित थे।


