राजनांदगांव

दुकानों का प्रीमियम व किराया जमा करने बकायेदारों से चर्चा
18-Feb-2026 6:00 PM
दुकानों का प्रीमियम व किराया जमा करने बकायेदारों से चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 फरवरी।
वित्तीय वर्ष की समाप्ति को ध्यान में रखकर महापौर मधुसूदन यादव राजस्व अमला की समीक्षा बैठक लेकर शत-प्रतिशत वसूली के लिए कार्य करने के निर्देश दिए तथा दुकानों का बकाया प्रीमियम व किराया जमा करने दुकानदारों को बुलाकर चर्चा की। इस दौरान नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह समेत  राजा माखीजा, सुनील साहू, सावन वर्मा,  राजेश तिवारी की विशेष उपस्थिति रही।

बैठक में महापौर ने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है। शत-प्रतिशत वसूली का लक्ष्य रखकर कार्य करना है, सभी राजस्व उप निरीक्षक व सहायक राजस्व निरीक्षक घर-घर जाकर वसूली करना सुनिश्चित करें। बड़े बकायेदारों से सम्पर्क कर करो का भुगतान करने समझाई दें,  कार्ययोजना बनाकर कार्य करें, क्यूआर कोड के माध्यम से भी ऑनलाइन भुगतान  लें। उन्होंने कहा कि विगत एक माह से अधिक समय तक एसआईआर में ड्यूटी लगने के कारण वसूली प्रभावित हुई है तथा वर्तमान में वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है, जिसे ध्यान में रखकर राजस्व वसूली के लिए घर-घर जाकर वसूली करने के अलावा राजस्व कार्यालय में भी अलग से कर लेने कर्मचारी तैनात करें। जिससे करदाता भटके न। साथ ही अवकाश के दिनों में भी कार्यालय में उपस्थित रहकर संपत्तिकर, जलकर, समेकितकर एवं दुकान किराया लेना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बड़े बकायेदारो को बुलावे। जिनसे करो का भुगतान करने चर्चा की जा सके।

महापौर के निर्देश पर दुकानदारों एवं बड़े बकायेदारो को महापौर कक्ष में बुलाया गया। गत दिवस दुकान के बड़े बकायेदारो में सर्वेश्वरदास स्कूल व्यवासायिक परिसर तथा पुत्रीशाला व सुभाष द्वार के पास निर्मित प्रथम तल के दुकानदारों को बुलाया गया, जिनसे महापौर ने प्रीमियम राशि जमा करने चर्चा की। इसी प्रकार दुकानों के बड़े किराया बकायेदारों को बुलाया गया। जिनसे भी महापौर ने भुगतान के लिए चर्चा की। चर्चा उपरांत लगभग 50 लाख रुपए की बकाया राशि जमा करने कहा गया, जिस पर दुकानदारों ने बकाया राशि जमा करने सहमति दी।
 उन्होंने कहा कि सर्वेश्वरदास स्कूल व्यवसायिक परिसर के शेष कार्य जल्द पूर्ण करें, ताकि दुकानदारों को राशि जमा करने के उपरांत आधिपत्य दी जा सके। उन्होंने यातायात नगर सहित अन्य बकायेदारो को भी बुलाकर चर्चा कराने कहा।


अन्य पोस्ट