राजनांदगांव
सालभर बाद बुलाए बैठक में विपक्ष ने जनहित के मुद्दों की अनदेखी पर
उठाए सवाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 फरवरी। नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक सोमवार को बेहद हंगामेदार रही। विपक्षी पार्षदों ने सत्तारूढ़ भाजपा पर शहर की ज्वलंत समस्याओं से परे चौक-चौराहों के नाम पर और पेंशन जैसे मुद्दों पर बैठक आहूत करने पर सवाल उठाए।
विपक्षी पार्षदों ने आरोप लगाया कि शहर में घटिया साफ-सफाई व्यवस्था, दूषित पेयजल, एलम की कमी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों के विषयों पर चर्चा करने के बजाय सत्तारूढ़ दल ने चौक-चौराहों के नामकरण, पेंशन जैसे अन्य विषयों पर बैठक आमंत्रित कर खानापूर्ति की है। विपक्षी दल ने सामान्य सभा की बैठक में सांसद एवं विधायक प्रतिनिधियों की उपस्थिति को लेकर भी सवाल उठाया। सवाल उठाते आरोप लगाया कि सांसद प्रतिनिधि देवशरण सेन और विधायक प्रतिनिधि की नियुक्ति पूरी तरह से फर्जी है। इसके लिए सत्तारूढ़ दल और आयुक्त को जिम्मेदार ठहराया। नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले एवं अन्य कांग्रेसी पार्षदों ने सामान्य सभा की शुरूआत में ही अपने आक्रामक तेवर से सदन में हंगामेदार माहौल बन गया। विपक्षी पार्षदों ने सत्तारूढ़ दल पर आवश्यक मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय अन्य मुद्दों को प्राथमिकता दी।
नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने कहा कि महापौर और नगर निगम अध्यक्ष द्वारा जो विषय लाया गया है, यह विषय बोगस है और व्यवस्था को बिगाडऩे में लगे हुए हैं, जो जनहित का मुद्दा होना चाहिए, जैसे कांग्रेस और भाजपा के पार्षदों की मंशा का मुद्दा होना चाहिए, वह इन्होंने नहीं लाया। केवल नाम और चौक चौराहा का नामकरण करना, पेंशन वाला, बाल विवाह रोकना और चार पांच दुकानों का पुष्टिकरण करना कर विषय को खत्म कर दिया।
उन्होंने कहा कि आज 1 साल बाद सामान्य सभा ला रहे हैं। आज 1 साल से सफाई ठेका नहीं हुआ है, शहर में सफाई व्यवस्था को बिगाड़ दिया गया है, लोगों को गंदा पानी दिया जा रहा है, मोहरा प्लांट में फिटकरी नहीं था, महापौर द्वारा झूठ बोलने गया कि फिटकरी था, बाद में बोल दिया कि गाड़ी आने में लेट हुआ। ऐसे दो मुंह बात करना सरासर गलत तरीका है। हम चाहते हैं कि जनहित के मुद्दों पर चर्चा हो, ज्वलंत मुद्दा हो, शहर में चारों तरफ अवैध प्लाटिंग हो रहा है, उस पर कोई चर्चा नहीं हुआ तो राजस्व आएगा कहां से।
श्री पिल्ले ने कहा कि चाहे सांसद प्रतिनिधि हो या विधायक प्रतिनिधि हो इन दोनों की नियुक्ति फर्जी तरीके टाइप का है। एक सभा के लिए दिया गया था। पिछले जो सामान्य सभा का बजट हुआ था, उसकी नियुक्ति थी। आज की नियुक्ति उन्होंने नहीं लाया, तो वह गलत तरीके से बैठ गए और सदन में बात करना गलत है। इसकी जांच की मांग कर रहे हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई नियमानुसार होनी चाहिए।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि आज सामान्य सभा की बैठक हुई। जिसमें नगर निगम और जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई है। इसमें 13 विषय है, जिस पर निर्णय होना है। आज बैठक में जनहित के सभी मुद्दों पर चर्चा उपरांत मुहर लगेगी और उसे हम आगे क्रियान्वित करेंगे। महापौर श्री यादव ने कहा कि किसी भी दिन शहर में बिना फिटकरी की पानी की सप्लाई नहीं की गई है।


