राजनांदगांव
राजनांदगांव, 9 फरवरी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 6 फरवरी को दुर्ग में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, संभागायुक्त, पुलिस महान निरीक्षक, विभागीय सचिव और प्रदेशभर के कलेक्टर शामिल हुए। राजनांदगांव से वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष अग्रवाल शामिल हुए। राजनांदगांव के विधायक डॉ. रमन सिंह के प्रतिनिधि के तौर पर बैठक में शामिल हुए वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष अग्रवाल ने बताया कि बैठक में पिछड़ा वर्ग क्षेत्र के समग्र विकास पर ठोस निर्णय दिए गए। जिसके तहत 19 जिलों के 35 विधानसभा क्षेत्र के 72 करोड़ के 1006 विकास कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने गंभीरतापूर्वक सभी कार्यों की समीक्षा की और अधूरे कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर एवं शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी शामिल हुए।


