राजनांदगांव
मोहला-मानपुर के पहले प्रशासनिक दौरे में आईजी राव ने कैम्पों और सरहदी इलाकों का किया दौरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 फरवरी। राजनांदगांव रेंज के नवपदस्थ आईजी बालाजी राव सोमावार ने मोहला-मानपुर जिले के पहले प्रशासनिक दौरे में सीमावर्ती गांवों से लेकर सुरक्षा कैम्पों का धुंधाधार दौरा किया। आईजी के समक्ष दूरस्थ इलाकों के बाशिंदों ने मूलभुत सुविधा के विस्तार की मांग रखी। विशेषकर रोड कनेक्टिविटी, शुद्ध पेयजल और बिजली पोल स्थापित करने की मांग शामिल थी।
आईजी ने नक्सल क्षेत्रों के दोरदे, मूचर, मदनवाड़ा और कोहका थाने का दौरा किया। आईजी ने सुरक्षा कैम्पों में जाकर जवानों की समस्याएं सुनीं, वहीं पैरामिलिट्री फोर्स आईटीबीपी के अफसरों और जवानों से मुलाकात कर उनकी हौसला अफजाई की।
आईजी ने सीतागांव में भी पहुंचकर थाना परिसर का मुआयना किया। इसके अलावा उन्होंने नक्सल इलाकों की मौजूदा स्थिति को लेकर एसपी वायपी सिंह के अलावा अन्य अफसरों से बातचीत की। आईजी ने कारेकट्टा गांव में आयोजित सामुदायिक पुलिस कार्यक्रम में पहुंचकर ग्रामीणों को सामाजिक कार्यों के लिए बर्तन और अन्य आवश्यक चीजें वितरित किया। आईजी ने कारेकट्टा में ग्रामीणों से प्रत्यक्ष रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याओं का गंभीरता से सुना। आईजी के सामने सडक़ संपक का विस्तार से लेकर रोजमर्रा से जुड़ी समस्याओं का हल ढूंढने ग्रामीणों ने आग्रह किया। आईजी ने ग्रामीणों को राज्य सरकार की नक्सल आत्मसमर्पण नीति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि गांव में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नजदीकी सुरक्षा कैंप में तैनात अधिकारियों से बिना किसी भय के संपर्क करें, पुलिस हर संभव सहायता के लिए तत्पर है, पुलिस आपकी दोस्त है। सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत स्कूल के बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें खेल सामग्री वितरित किया गया। एसएसपी वाईपी सिंह ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ हमें खेल पर भी ध्यान देना चाहिए, क्योंकि खेल से हमारा समग्र विकास होता है। ग्रामीणों द्वारा पुलिस के इस मानवीय एवं विश्वास निर्माण के प्रयास की सराहना की गई।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग से रक्षित निरीक्षक भुनेश्वर कश्यप एवं मदनवाड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक खोमन भंडारी, जनपद सदस्य चंदा मांडवी, सरपंच महेश्वरी धुर्वे, ग्राम पटेलराम सिंह कुमेटी, ग्राम पटेल पवन उसारे, ग्राम पटेल मानुराम कुमेटी उपस्थित रहे।


