राजनांदगांव

आवासीय परिसर को रानी सूर्यमुखी देवी का नाम देकर रियासत का किया सम्मान
03-Feb-2026 9:37 PM
आवासीय परिसर को रानी सूर्यमुखी देवी का नाम देकर रियासत का किया सम्मान

 वैष्णव महासभा और पुजारी संघ ने किया पत्रकारों के निर्णय का स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 3 फरवरी। डोंगरगांव मार्ग पर 10 एकड़ क्षेत्रफल में प्रदेश के सबसे विकसित और व्यवस्थित पत्रकार आवासीय परिसर का नाम रानी सूर्यमुखी देवी के नाम पर रखकर पत्रकारों ने न केवल रानी का, बल्कि पूरी रियासत का सम्मान किया है। इस निर्णय से यहां की रियासत के सम्मान को बनाए रखने की अच्छी परंपरा की शुरुआत हुई है। श्री वैष्णव महासभा और अखिल भारतीय पुजारी संघ ने इसका स्वागत करते पत्रकारों की सरलता, सहजता और विश्वसनीयता की प्रशंसा करते हुए फैसले के लिए बधाई भी दी है।

महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी ने प्रदेश में आदर्श बन चुकी पत्रकार कालोनी का नाम रानी सूर्यमुखी देवी के नाम पर रखने के फैसले का स्वागत करते कहा कि यह एक सराहनीय कदम है, जो पत्रकार जगत की गंभीरता और संवेदनशीलता को दर्शाता है। रानी सूर्यमुखीदेवी का राजनांदगांव के विकास में महत्वपूर्ण योगदान था और उनका नाम इस कालोनी के लिए एक उपयुक्त श्रद्धांजलि है।

उन्होंने कहा कि रियासत क्षेत्र में राजाओं की कई संपत्तियां है। जिसका अलग-अलग वर्ग के लिए अपने हिसाब से उपयोग तो कर रहे हैं, लेकिन पत्रकारों ने अपनी कालोनी को रानी के नाम से जोडक़र रानी का सम्मान दोगुना कर दिया है।


अन्य पोस्ट