राजनांदगांव

धान उपार्जन में अव्यवस्था से किसान बेहाल-यादव
19-Nov-2025 9:54 PM
धान उपार्जन में अव्यवस्था से किसान बेहाल-यादव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 नवंबर।
धान उपार्जन केंद्रों में लगातार बढ़ रही अव्यवस्था और किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण महामंत्री व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव ने साय सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष धान खरीदी व्यवस्था किसानों के लिए परेशानी का बड़ा कारण बन चुकी है। उपार्जन केंद्रों में अव्यवस्थित व्यवस्थाएं, कर्मचारियों की कमी, अनुभवहीन खरीदारों की नियुक्ति और टोकन प्रणाली की गड़बडिय़ों ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी है।
उन्होंने कहा कि किसान सुबह से देर रात तक केंद्रों में लाइन लगाने को मजबूर हैं। कई जगहों पर तौल मशीनों की धीमी गति और स्टाफ  की अनुपलब्धता के कारण किसानों का समय और श्रम दोनों बर्बाद हो रहा है। श्री यादव ने आरोप लगाया कि साय सरकार किसानों की पीड़ा को समझने में नाकाम रही है। किसानों की तकलीफ  दुख और संघर्ष से सरकार बिल्कुल वाकिफ  नहीं है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल के कार्यकाल को किसान आज भी स्वर्णिम समय के रूप में याद करते हैं। उस दौरान धान खरीदी व्यवस्था सुचारू थी, किसानों को खाद-बीज समय पर उपलब्ध होता था और समर्थन मूल्य तथा उपार्जन से जुड़ी योजनाओं में पारदर्शिता थी। किसानों को न तनाव था, न परेशानी, लेकिन वर्तमान में हालात पूरी तरह बदल चुके हैं।
श्री यादव ने कहा कि इस बार धान खरीदी केंद्रों में अनुभवहीन खरीदारों की नियुक्ति की गई है, जो उपार्जन प्रक्रिया को अच्छी तरह नहीं समझते। इससे तौल, गुणवत्ता परीक्षण और पंजीयन संबंधी कार्यों में गलतियों की आशंका बढ़ गई है। ऐसी गलतियां सीधे किसानों को नुकसान पहुंचा सकती है। उन्होंने सरकार से स्पष्ट रूप से मांग की कि समिति प्रबंधक एवं ऑपरेटर, जिन्होंने वर्षों तक धान उपार्जन की जिम्मेदारी कुशलता से संभाली है, उन्हें पुन: उनकी पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए।
 इससे न केवल उपार्जन केन्द्रों की कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि किसानों को भी राहत मिलेगी।
श्री यादव ने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह जमीन पर उतरकर किसानों की वास्तविक स्थिति देखे, उनकी समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से समझे और अव्यवस्थाओं को दूर करने तुरंत कदम उठाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो किसानों की नाराजगी और बढ़ेगी।


अन्य पोस्ट