राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 नवंबर। युगांतर पब्लिक स्कूल में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए मॉक पार्लियामेंट का प्रभावी आयोजन विद्यालय के निदेशक (अकेडमिक्स) सुशील कोठारी, सेक्रेटरी विनय डड्ढा, प्राचार्य मधुसूदन नायर की उपस्थित में हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक (अकेडमिक्स) सुशील कोठारी ने कहा कि इस आयोजन के जरिये विद्यार्थी संसद की सारी गतिविधियों की जानकारी व्यावहारिक धरातल पर प्राप्त करेंगे। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए काफी लाभदायक सिद्ध होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को संसद की सारी गतिविधियों के बारे में विस्तार से समझाया। प्राचार्य मधुसूदन नायर ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के हित में निरंतर होते रहेंगे। आने वाले समय प्रश्नकाल सहित अन्य गतिविधियों का समय और अधिक बढ़ाया जाएगा। जिससे विद्यार्थियों को अपनी बात कहने का और अधिक समय मिलेगा।
इस आयोजन के जरिये लगभग 60 विद्यार्थियों ने अपनी वाकशैली का प्रभावी प्रयोग किया। इसमें सत्ता दल के 35 तथा विपक्षी दल के 25 विद्यार्थी शामिल रहे। विद्यार्थियों ने सोशल मीडिया बढ़ते प्रभाव विषय पर काफी रोचक वाद-विवाद किया। बहस के बाद मॉक पार्लियामेंट में इस संबंध में एक विधेयक भी पास किया गया। यह आयोजन विद्यालय के प्राचार्य मधुसूदन नायर के मार्गदर्शन में सामाजिक विज्ञान विभागाध्यक्ष तरूण कुमार महापात्र, प्रियंका कपूर, श्वेता मूंदड़ा, स्मिता नायर, मोनिका रॉय, गणित शिक्षक संग्राम पवार के सहयोग से सफलता के लक्ष्य तक पहुंचा। आयोजन के सराहना करते विद्यालय के सक्रेटरी विनय डड्ढा ने कहा कि मॉक पार्लियामेंट विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में सहायक सिद्ध होगा।
इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संवाद कौशल और सामाजिक व्यवहार को सुदृढ़ करना था। विद्यार्थियों की उत्साहवर्धक भागीदारी ने इसे रोचक और प्रेरणादायक बना दिया। आज के विद्यार्थी कल के भावी नागरिक बनेंगे। इस दिशा में भी विद्यालय द्वारा इस तरह के आयोजन के जरिए उनके व्यक्तित्व के हर क्षेत्र को विकसित करने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है।


