राजनांदगांव

नांदगांव के बूढ़ासागर में सैकड़ों मछलियां मरी
07-Nov-2025 4:01 PM
नांदगांव के बूढ़ासागर में सैकड़ों मछलियां मरी

मछुवा समिति को लाखों का नुकसान, दूषित पानी से मछलियों की मौत

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 7 नवंबर। राजनांदगांव के बूढ़ासागर में दूषित जल के प्रकोप में सैकड़ों मछलियां मरकर पानी के ऊपर आ गई है। मछलियों की बड़ी तादाद में मौत के कारण मछुवा समिति को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं आसपास तेज दुर्गंध उठने से लोग परेशान हो गए। सरोवर के करीब रहने वाले बाशिंदों को बदबू भरे माहौल में रहने के लिए विवश होना पड़ रहा है। मछलियों की अचानक मौत के मामले को लेकर मत्स्य विभाग की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है। अंदेशा है कि पानी में जहरीले रासायनिक पदार्थ की मौजूदगी के चलते मछलियों की मौत हुई है।

 

बताया जा रहा है कि पिछले कई महीनों से तालाब की सफाई नहीं हुई है। गंदगी के चपेटे में आने से सरोवर का पानी दूषित हो गया है। सरोवर के किनारे में कचरों का ढ़ेर लगा हुआ है। बरसात समाप्त होते ही पानी लगातार गहरे हरे रंग में बदल गया है। साफ-सफाई की कमी से मछलियों को पर्याप्त आक्सीजन भी नहीं मिल रही है। यहां यह बता दें कि लंबे समय से बूढ़ासागर में सिवरेज प्लांट का काम अटका हुआ है।  ऐसे में शहर का गंदा पानी और अन्य अवशिष्ट पदार्थ तालाब में मिल रहे हैं। गंदगी की बढ़ती मात्रा के कारण मछलियों को आक्सीजन नहीं मिल पाया। साथ ही आक्सीजन की कमी से पानी की तरलता खत्म हो गई है। यही कारण है कि सैकड़ों की संख्या में मछलियां  मरती जा रही है। 

बताया जा रहा है कि पानी में रासायनिक या जैविक प्रदूषण तथा अचानक मौसम में आए बदलाव के कारण भी मछलियों की मौत हुई है। फिलहाल बूढ़ासागर के किनारे सैकड़ों मछलियां मरी हुई स्थिति में किनारे में  पड़ी हुई है।


अन्य पोस्ट