राजनांदगांव

राजगामी में राजनीतिक नियुक्ति करना भूली सरकार
28-Oct-2025 4:13 PM
राजगामी में राजनीतिक नियुक्ति करना भूली सरकार

अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति दो साल से रिक्त

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 28 अक्टूबर। राजगामी संपदा न्यास समिति के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति नहीं होने से दो साल से पद खाली पड़े हैं। सरकार संपदा में राजनीतिक नियुक्ति करना भूल गई है।

इस पद पर भाजपा के कई नेताओं की नजरें हैं। राजगामी संपदा का कामकाज फिलहाल प्रशासन ने अपने जिम्मे सम्हाला हुआ है। सत्ता बदले 2 साल का वक्त हो गया। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को संगठन से इस पद पर काम करने का अवसर देने का आश्वासन भी दिया गया है। राजगामी में अध्यक्ष समेत 3 सदस्यों की नियुक्ति का प्रावधान है। एसडीएम संपदा के सचिव के रूप में काम करते हैं। संपदा की बॉडी के कार्यों का एसडीएम अनुशंसा कर कलेक्टर को प्रेषित करते हैं। इसके बाद प्रशासनिक मंजूरी मिलने पर वित्तीय एवं अन्य कार्य को पूर्ण किया जाता है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में भी नियुक्ति को लेकर भी काफी लंबा वक्त लिया गया था। 

बताया जाता है कि भाजपा के कई नेताओं ने अध्यक्ष बनने के लिए सांगठनिक स्तर पर कोशिशें की है। फिलहाल नियुक्ति को लेकर सरकार की ओर से  सकारात्मक संकेत नहीं है। सत्तारूढ़ दल के नेताओं को राजनीतिक रूप से उपकृत करने के लिए यह नियुक्ति की जाती है। राजगामी संपदा के अधीन रियासतकालीन कई बेशकीमती जमीनें और अन्य भूमि है। जिससे संपदा को एक आय होती है।

राजनांदगांव शहर का गोलबाजार और अन्य इलाकों में संपदा का अरबों रुपए की संपत्ति है। गोलबाजार के व्यापारी सालों से मामूली किराया देकर कारोबार कर रहे हैं। ऐसा बताया जाता है कि राजनंादगांव रियासत के सम्राट और राजाओं ने व्यापारियों को आर्थिक संबल देने के लिए गोलबाजार में जमीन मुहैया कराई थी। संपदा का पांडादाह और साजा क्षेत्र में भी बेशकीमती खेत-खलिहान है। बहरहाल राजगामी संपदा की नियुक्ति  पर सरकार की दिलचस्पी नहीं है। जिसका असर स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में मायूसी के तौर पर सामने आ रहा है।


अन्य पोस्ट