राजनांदगांव

जिला अस्पताल में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, गैरहाजिर चिकित्सकों को थमाई नोटिस
17-Oct-2025 3:22 PM
जिला अस्पताल में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, गैरहाजिर चिकित्सकों को थमाई नोटिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 17 अक्टूबर। जिले के नए कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने शुक्रवार को एकाएक जिला चिकित्सालय का रूख किया। आकस्मिक निरीक्षण में  कलेक्टर को कई खामियां भी मिली। विशेषकर उन्होंने ढीले कामकाज पर चिकित्सकों को आड़े हाथ लिया। साथ ही एक चिकित्सक के तय समय पर कार्य में उपस्थित नहीं होने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर यादव ने जिला चिकित्सालय के अलग-अलग वार्डों का दौरा किया। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. यूएस चंद्रवंशी से अस्पताल की बेसिक व्यवस्था को लेकर कई जानकारी ली। मरीजों को परोसे जाने वाले भोजन व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने भोजन व्यवस्था का जिम्मा सम्हाल रही महिला कर्मियों से बातचीत की।

बताया जा रहा है कि कलेक्टर जिला अस्पताल में चिकित्सकों के निर्धारित समय कार्य में उपस्थित नहीं होने पर खफा हो गए। उन्होंने डॉ. खुमान मंडावी को अनुपस्थित पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य चिकित्सक डॉ.तरूण कोठारी को भी नोटिस दिए जाने की खबर है। इस बीच कलेक्टर ने कई अलग-अलग वार्डों में उपचारार्थ भर्ती मरीजों से सीधी बातचीत की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन द्वारा दिए जा रहे सुविधाओं को लेकर मरीजों से सवाल पूछे। अस्पताल में लचर सफाई व्यवस्था को लेकर भी कलेक्टर ने सफाई कंपनी मेटास को नोटिस जारी करने का आदेश दिया। कलेक्टर ने  कुछ चिकित्सकों से अन्य विषयों पर भी बातचीत की।

 

दौरे की भनक मिलते ही कुछ चिकित्सक अस्पताल में रहे मौजूद

कलेक्टर जितेन्द्र यादव के अस्पताल के दौरे को लेकर कुछ चिकित्सकों को भनक लग गई। जिसके चलते रोजाना ड्यूटी रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बाद गायब रहने वाले चिकित्सक भी अस्पताल में नजर आए। बताया जा रहा है कि एक शिशु रोग विशेषज्ञ  चिकित्सक रोज 8 बजे हस्ताक्षर कर दोपहर 2 बजे अस्पताल में नजर आते हैं। राजनीतिक पहुंच वाले इस चिकित्सक की कार्यप्रणाली के खिलाफ कार्रवाई करने में सिविल सर्जन भी कतराते हैं। ऐसे में कलेक्टर के दौरे की भनक लगने के बाद उक्त शिशु रोग विशेषज्ञ अपने कक्ष में नजर आए। इस मामले को लेकर कई  स्तर पर चिकित्सक के विरूद्ध कार्रवाई करने की शिकायत हुई है। इसके बावजूद उक्त चिकित्सक अपने  कार्यशैली में बदलाव करने तैयार नहीं है।


अन्य पोस्ट