राजनांदगांव
उत्सव के रूप में मना विस अध्यक्ष का जन्मदिन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का जन्मदिन बुधवार को उत्साह और उमंग के साथ उत्सव के रूप में मनाया गया।
इस अवसर पर स्पीकर हाउस में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं शिवनाथ वाटिका में जिले के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा हुआ। जिसमें भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साह एवं उमंग के साथ डॉ. रमन सिंह का जन्मदिन मनाया। शिवनाथ वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. रमन सिंह ने कहा कि एक पार्षद से लेकर विधायक एवं लोकसभा के सांसद केंद्रीय मंत्री और तीन बार मुख्यमंत्री तथा वर्तमान में विधानसभा अध्यक्ष की भूमिका में मैं अगर आज खड़ा हूं, तो इसके पीछे कार्यकर्ताओं की मेहनत और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता लगातार एक लक्ष्य को लेकर चलते हैं।
उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में जो वादे किए गए थे आज विष्णुदेव साय की सरकार ने उनका पालन करते पूरी योजनाओं का क्रियान्वयन किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के समग्र विकास का उनका सपना अब साकार हो रहा है। प्रदेश सरकार की प्रशंसा करते कहा कि सरकार 35 किलो चावल के साथ किसानों से 21 क्विंटल धान खरीदी भी कर रही है। उन्होंने दिल्ली में 21 वर्षों की राजनीतिक यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते कहा कि एक दिन की भी छुट्टी उन्होंने नहीं ली और अपने जीवन का सर्वस्व देश के लिए समर्पित कर दिया ऐसे ऊर्जावान प्रधानमंत्री को वह अपना आदर्श मानते हैं।
कार्यक्रम में प्रतिवेदन देते जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने डॉ. रमन सिंह का जीवन परिचय बताया और दीर्घायु एवं समृद्ध होने की कामना के साथ शुभकामना व्यक्त की। महापौर एवं पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने सहज सरल और विकास पुरुष डॉ. रमन सिंह की प्रशंसा करते कहा कि उन्होंने प्रदेश की राजनीति में अपनी व्यक्तित्व कल के कारण एक अलग मुकाम हासिल किया।
वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख व प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कवर्धा एवं राजनांदगांव तथा छत्तीसगढ़ से कोने-कोने से वरिष्ठ भाजपा नेताओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सौरभ कोठारी ने किया। शिवनाथ वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम मंडल, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा एवं जिला भाजपा के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों ने गजमाला से स्वागत किया एवं मिल्क केक काटकर डॉ. रमन सिंह के जन्मदिवस की खुशियां बांटी।
संस्था, संगठनों ने किया सम्मान, मंत्रियों ने किया स्वागत
विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का जन्मदिन बुधवार को शहर सहित जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यवसायिक एवं धार्मिक संगठनों ने अपने जननायक के सम्मान में समारोह का आयोजन किया। इस दौरान स्पीकर हाउस में आयोजित भव्य कार्यक्रम उदयांचल, चेम्बर ऑफ कॉमर्स, बढ़ते कदम, लायंस क्लब, निषाद समाज, हल्बा समाज, पूज्य सिंधी पंचायत, साहू समाज, हिन्दू युवा मंच, राजपूत महासभा क्षत्रिय एवं गुरु सिंग सभा सहित अन्य संस्थाओं व संगठनों ने डॉ. रमन सिंह का सम्मान किया।


