राजनांदगांव
41 वर्ष बाद आधा दर्जन कर्मचारियों का स्थानांतरण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 सितंबर। नगरीय प्रशासन विकास विभाग ने मोहला-मानपुर-अं. चौकी जिले में वर्षों से जमे नगर पंचायत के आधा दर्जन रेगुलर कर्मचारियों का विभिन्न निकाय में स्थानांतरण कर दिया है। 40 वर्षों के इतिहास में पहली बार एक साथ 6 कर्मचरियों के स्थानांतरण से निकाय में खलबली मची हुई है। बताया जा रहा है कि पहली बार इस निकाय के मूल कर्मचारियों को शासन ने इधर से उधर किया है। एक साथ इतने कर्मचारियों के स्थानांतरण से विभागीय कामकाज प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
छग शासन के नगरीय प्रशासन विकास विभाग ने एक सप्ताह पूर्व जारी किए स्थानांतरण आदेश में नगर पंचायत के उपयंत्री हरिशंकर वर्मा, सहायक ग्रेड तीन दीपक सलामे, वाहन चालक राजीव बारसागढे, सफाई दरोगा तरूणा शर्मा, भृत्य कविता मंडावी एवं चौकीदार दिलीप निषाद का स्थानांतरण अन्य निकायों में कर दिया है। एक साथ नगर पंचायत के 6 कर्मचारियों के तबादले से निकाय के सियासी हल्को में बवंडर मचा हुआ है।
स्थानांतरित कर्मचारियों को दी बिदाई
नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी ने अपने निकाय से स्थानांतरित हुए सभी कर्मचारियों को गुरुवार को नगर पंचायत के सभागृह में भावभिनी बिदाई दी। बिदाई समारोह में नगर पंचायत के स्थानांतरित कर्मचारियों के साथ उनके कार्यकाल में बिताए खटटे मीठे लम्हो को याद किया। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने स्थानांतरित हुए कर्मचारियों के नगर विकास में मिले योगदान की सराहना करते कहा कि निकाय एवं नगरवासी उनके विकास से जुड़े कार्यों के लिए दिए गए योगदान के लिए हमेशा ऋणी रहेंगे। नगर अध्यक्ष ने इन कर्मचारियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। सीएमओ विजय पांडे ने स्थानांतरित हुए कर्मचारियों के कार्यों की प्रशंसा करते अन्य निकाय में बेहतर एवं निष्ठापूर्वक कार्य करने की सीख दी। इस दौरान नगर पंचायत के सभी शाखाओं के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।


