राजनांदगांव

जिले के विकास को लेकर सरकार प्रतिबद्ध- विक्रांत
26-Sep-2025 10:04 PM
जिले के विकास को लेकर सरकार प्रतिबद्ध- विक्रांत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 सितंबर।
सेवा पखवाड़ा 2025 अंतर्गत पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आत्मनिर्भर भारत व जीएसटी 2.0 पर आधारित कार्यशाला एवं संगोष्ठी का आयोजन खैरागढ़ (पिपरिया) स्थित जिला भाजपा कार्यालय में किया गया।  मुख्य वक्ता राज्य के कैबिनेट व शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरूआत पं. दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर दीप प्रज्जवलन के साथ हुई। इस अवसर पर स्वागत भाषण देते जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू ने मंत्री गजेंद्र यादव का आभार व्यक्त करते कहा कि उनकी उपस्थिति से यह कार्यशाला विशेष बन गई है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी  योजनाओं के क्रियान्वयन में केसीजी जिले में लगातार कैबिनेट मंत्रियों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि जिले के विकास को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि केसीजी नया जिला है, इसलिए यहां आधारभूत संरचना और पर्यटन क्षेत्र में विशेष कार्य किए जाने की आवश्यकता है। कार्यशाला का संचालन भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष घम्मन साहू ने किया।
छग पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है। उन्होंने प. दीनदयाल उपाध्याय के जीवन को प्रेरणादायक बताते उन्हें  ‘एकात्म मानववाद’ का प्रणेता कहा और इस कार्यक्रम को संगठनात्मक रूप से महत्वपूर्ण बताते पं. दीनदयाल उपाध्याय के जीवनी पर प्रकाश डाला।

मुख्य वक्ता कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि केसीजी जिला में यह उनका पहला आगमन है और यह उनका सौभाग्य है कि वह पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर यहां उपस्थित हैं। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को विस्तार से समझाते कारगिल युद्ध, ऑपरेशन सिंदूर और कोरोनाकाल की वैक्सीन नीति जैसे उदाहरणों से देश की आत्मनिर्भरता पर प्रकाश डाला।  यादव ने बताया कि आज छत्तीसगढ़ के किसान ड्रोन तकनीक का उपयोग कर खेतों में दवाई का छिडक़ाव कर रहे हैं, सैन्य क्षेत्र में लेजर तकनीक से भारत ने पूरी दुनिया में अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया है। उन्होंने जीएसटी में की गई कटौती को जनसाधारण के लिए राहतदायक बताया और खैरागढ़-छुईखदान- गंडई जिले की छुईखदान बुनकर सोसायटी द्वारा निर्मित वस्त्रों की सराहना करते उन्हें अपनाने की अपील की। मंत्री ने खैरागढ़ क्षेत्र के सभी हाई स्कूलों में डोम शेड निर्माण एवं साल्हेवारा क्षेत्र के मरम्मत योग्य सभी प्राथमिक स्कूलों की मरम्मत कराने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में जिला भाजपा महामंत्री नवनीत जैन, महामंत्री शशांक ताम्रकार, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, टीके चंदेलए अनिल अग्रवाल, गिरजा चंद्राकर, ललित चोपड़ा, खम्हन ताम्रकार, राजेश मेहता, अनिल अग्रवाल, नीलिमा गोस्वामी, कीर्ति वर्मा, जंत्री साहू, वंदना तांडेकर, कृष्णा वर्मा, विकेश गुप्ता, डॉ. शैलेन्द्र त्रिपाठी, जीवन देवांगन, डोरेलाल साहू, देवकुमार सेन, हरप्रसाद वर्मा, मुकेश वर्मा, अवध वर्मा, चंदू वर्मा, श्यामसुंदर साहू, आनंद सिन्हा, आनंद पटेल, राकेश ठाकुर, जयप्रकाश साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन नवनीत जैन ने किया।


अन्य पोस्ट