राजनांदगांव
बम्लेश्वरी समेत जिलेभर के शक्तिपीठों में पहले दिन दर्शन के लिए लगा तांता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 सितंबर। क्वांर नवरात्रि के पहले दिन मां बम्लेश्वरी समेत जिले के देवी मंदिरों में भक्तों तांता लगा रहा। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन जहां दर्शन करने के लिए श्रद्धालु डोंगरगढ़ में रोपवे और सीढ़ी की मदद से ऊपर मंदिर पहुंचे।
इसी तरह जिले के अन्य शक्तिपीठों में भी श्रद्धालुओं का दिनभर दर्शन के लिए उत्साह रहा। डोंगरगढ़ के नीचे स्थित मां बम्लेश्वरी के दरबार में भी सुबह दर्शन के दौरान भक्तों ने विशेष पूजा-अर्चना की। ऊपर स्थित मां के दर पर सुबह होते ही भक्तों की आवाजाही शुरू हो गई। हालांकि पहले दिन भीड़ काफी कम रही। अगले एक-दो दिन में भक्तों की तादाद में बढ़ोत्तरी शुरू हो जाएगी। इधर शहर के शीतला मंदिर, पाताल भैरवी मंदिर, मां भानेश्वरी मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों में दर्शन के लिए भक्तों का तांता लग गया। क्वांर नवरात्रि पर्व में जसगीत की भी धुन सुनाई देगी। पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा के विराजमान के लिए समितियों ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। शहर में गरबा उत्सव का सिलसिला भी शाम से शुरू हो जाएगा।
पदयात्रियों की आवाजाही फिलहाल पहले दिन नजर नहीं आई। माना जा रहा है कि अगले एक-दो दिन में पदयात्री सडक़ों में दिखाई पड़ेंगे। पदयात्रियों की देखभाल और सुरक्षा के लिए पुलिस ने कड़े बंदोबस्त किए हैं। अंजोरा से राजनांदगांव शहर के रामदरबार तक वन-वे किया गया है। यानी पदयात्रियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस बेहद चौकस है। इस बीच देर शाम मंदिरों में ज्योति प्रज्जवलित होगी। मां बम्लेश्वरी के ऊपर और नीचे मंदिर में ज्योति कलश प्रज्जवलित होंगे। दीगर राज्यों के भक्तों ने जोत जलाने के लिए बुकिंग की है। पुलिस ने बम्लेश्वरी के भक्तों की सुगम यात्रा के लिए निर्धारित रूट पर जवानों का पहरा भी बढ़ाया है। मेला स्थल से लेकर ऊपर-नीचे मंदिर में जवानों की बारी-बारी ड्यूटी लगाई गई है। तकरीबन एक हजार जवान नवरात्रि में तैनात किए गए हैं।
पूजा पंडालों में शुरू हुआ प्रतिमा स्थापित करने का क्रम
क्वांर नवरात्र पर्व आज मंदिरों में सुबह से मातारानी के जयकारे और पूजा-अर्चना के साथ शुरू हो गया। शारदीय नवरात्रि पर्व पर पूजा पंडालों में मां दुर्गा की अलग-अलग रूपों में मूर्तियों की स्थापना का सिलसिला भी शुरू हो गया। पूजा पंडाल समितियों के पदाधिकारी मां दुर्गा की प्रतिमा पंडाल तक ले जाने का क्रम नवरात्र से पहले से शुरू हो गया। वहीं आज नवरात्र पर्व पर मूर्तिकारों के पास समितियों के पदाधिकारी प्रतिमा ले जाने पहुंच रहे हैं। वहीं जसगीतों के बीच माता की प्रतिमाओं को पूजा पंडालों तक ले जाने का क्रम बना हुआ है।
आज से शुरू हुआ नवरात्र पर्व आगामी 1 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इससे जिलेभर में भक्तिमय का माहौल निर्मित रहेगा। वहीं ज्योति प्रज्जवलित करने का क्रम आज देर शाम से शुरू होगा। जिससे मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमडऩे की संभावना है। इसके अलावा जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने भी धर्मनगरी डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी के दर्शनार्थ हेतु जाने वाले पदयात्रियों की सुविधाओं के लिए भी तैयारी कर ली है। पदयात्रियों की सुविधाओं के लिए सेवाभावी संस्थाओं ने भी पदयात्री मार्ग में सेवा पंडाल लगाया है। वहीं जिला प्रशासन ने पदयात्रियों की बुनियादी सुविधाओं जैसे पेयजल, स्वास्थ्य संबंधी व लाईट की व्यवस्था के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। आज से शुरू हुए नवरात्र पर्व से लोगों में उत्साह का माहौल है।
0 इस बार 10 दिन की होगी नवरात्र
इस बार नवरात्र पर्व 10 दिनों तक मनाई जाएगी। आज 22 सितंबर से आगामी 1 अक्टूबर तक नवरात्र पर्व पर शहर समेत जिलेभर के मंदिरों में भक्तिमय माहौल बना रहेगा। वहीं 2 अक्टूबर को दशहरा पर्व मनाया जाएगा। नवरात्र पर्व शुरू होने के साथ ही शहर के बड़े मंदिरों में मां की पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया। वहीं घरों में भी पर्व को नियमानुसार मनाया जाता है। लोग अपनी मनोकामना के लिए कठिन व्रत रखते हैं। आज से जिलेभर के मंदिरों में जस गीत की गूंज सुनाई देगी। नवरात्र के शुरू होते ही जिलेभर में भक्तिमय माहौल बनना शुरू हो गया। नवरात्र के पहले दिन सुबह से ही मंदिरों में मातारानी के जयकारे और पूजा-अर्चना का दौर देर शाम तक बना रहा। नवरात्र पर्व के पहले दिन देर शाम तक पूजा पंडालों में मां दुर्गा, मां सरस्वती व मां काली की प्रतिमाएं स्थापित करने का क्रम बना रहेगा।


