राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 सितंबर। राजनांदगांव जिला जेल में शनिवार को कैदियों के एक गैंग ने एक अन्य कैदी पर जानलेवा हमला कर दिया। स्टील गिलास से बनाए गए हथियार से कैदी के चेहरे पर वार किए गए। जिससे वह जख्मी हो गया। जेल के भीतर कैदियों के बीच हुए इस हिंसक घटना से जेल प्रबंधन की अंदरूनी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। हालांकि घायल कैदी की स्थिति खतरे से बाहर है। जिला जेल में ही उसका उपचार किया गया। जेल प्रबंधन घटना की जांच कर रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर को युवराज राजपूत नामक एक बंदी पर 4-5 कैदियों के एक गुट ने अचानक हमला कर दिया। उस दौरान युवराज अपने बैरक से बाहर निकला था। सभी दुश्मनी भांजते हुए दूसरे गुट ने उस पर हमला कर दिया। हमले में एक कैदी ने युवराज के चेहरे पर स्टील गिलास से बने धारदार हथियार से जान से मारने की नीयत से वार किया। बीच-बचाव के दौरान युवराज के चेहरे पर जख्म हो गए। खून से लथपथ जख्मी कैदी ने किसी तरह जान बचाई। पीठ पर भी हमलावरों ने दो-तीन मर्तबा वार किया है।
बताया जा रहा है कि घायल कैदी के चेहरे और पीठ में लगे जख्म को 15 टांके लगे हैं। इस बीच खून-खराबे की घटना की जानकारी जेल स्टॉफ को काफी देर बाद मिली, तब तक कैदी पर जानलेवा हमले की घटना हो गई थी। जेल प्रबंधन घटना की जांच में जुटा हुआ है। जेल के भीतर हुए इस घटना को कैदियों की आपसी गुटबाजी का परिणाम माना जा रहा है। जेल के भीतर गैंगवार बढऩे की आशंका इस घटना से बढ़ी है।


