राजनांदगांव

निजी अस्पताल में गर्भवती की मौत, परिजनों का हंगामा, हाइवे जाम
05-Sep-2025 3:19 PM
निजी अस्पताल में गर्भवती की मौत, परिजनों का हंगामा, हाइवे जाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 सितंबर।
शहर के एक निजी अस्पताल में एक महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने शुक्रवार को नेशनल हाईवे में शव के साथ प्रदर्शन किया। तकरीबन घंटेभर के प्रदर्शन में हाईवे में आवाजाही ठप्प हो गई। चक्काजाम की खबर के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने महिला की मौत के लिए अस्पताल के चिकित्सकों को जिम्मेदार ठहराया। अस्पताल के बाहर काफी हंगामा होता रहा। नेशनल हाईवे में प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने परिजनों को समझाईश दी। घंटेभर प्रदर्शन के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर काफी हंगामा किया।

मिली जानकारी के मुताबिक डोंगरगढ़ क्षेत्र के मेरेगांव की रहने वाली 21 साल की सरोज पटेल को बीते शनिवार को डिलवरी के लिए पुलिस प्रशिक्षण केंद्र विद्यालय के पास स्थित कृष्णा अस्पताल में परिजनों ने भर्ती कराया था। अस्पताल में भर्ती होने के एक दिन बाद महिला की सेहत बिगडऩे लगी।

आनन-फानन में कृष्णा अस्पताल के चिकित्सकों ने महिला को चिखली स्थित संजीवनी अस्पताल रिफर कर दिया।  वहां 5 दिन तक उपचारार्थ भर्ती महिला की सेहत में  कोई सुधार नहीं आया और उसकी मौत हो गई।
इस बीच महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि मृतिका को रिफर करने के बाद कृष्णा अस्पताल प्रबंधन ने कोई सुध नहीं ली। जिसके चलते महिला की मौत हो गई। मृतिका एक निजी स्कूल की शिक्षिका थी। बताया गया कि मृतिका का गांव के ही ओंकार पटेल के साथ वर्ष 2025 में विवाह हुआ था। अस्पताल में हंगामा के बाद पुलिस ने स्थिति को सम्हालने की कोशिश की। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक अस्पताल के चिकित्सक और प्रबंधक फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि चिकित्सकों के सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
 


अन्य पोस्ट