राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 सितंबर। कांग्रेस नेता निखिल द्विवेदी ने कहा कि भाजपा की राजनीति आज पूरी तरह झूठ, अमर्यादा और ढोंग पर आधारित हो चुकी है। बिहार की घटना में भाजपा कार्यकर्ता ने मंच से खुद गाली-गलौज और अराजकता की और जब भाजपा कार्यकर्ता की हरकतें जनता के सामने आईं तो पूरे देश में राहुल गांधी का पुतला जलाना शुरू कर दिया। जबकि राहुल गांधी उस मंच पर मौजूद तक नहीं थे। यह जनता को गुमराह करने और वोट चोरी जैसे मुद्दों से ध्यान हटाने का शर्मनाक प्रयास है।
श्री द्विवेदी ने कहा कि महापौर चुनाव के दौरान भाजपा महापौर मधुसूदन यादव ने मेरी माता का अपमान करते ‘माँ का दूध पिया है क्या’ जैसे अपशब्द कहे, लेकिन सवाल यह है कि जब मां का अपमान हुआ, तब भाजपा ने मधुसूदन का पुतला क्यों नहीं जलाया? क्या मातृशक्ति के सम्मान की बात भाजपा के लिए सिर्फ दिखावा और राजनीति का साधन है? भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकारियाय का चरित्रहीन आचरण भी सबके सामने है, जब वे अपनी ही निकट संबंधी महिला के साथ आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े गए, यह भाजपा के तथाकथित ‘संस्कार’ और ‘संस्कृति’ का असली चेहरा उजागर करता है।
इन घटनाओं से साफ है कि भाजपा के पास न तो जनता को देने कोई विजन है और न समस्याओं का कोई समाधान है। भाजपा के पास केवल पुतला दहन की नौटंकी बची है। भाजपा नेताओं को अपने आचरण और भाषा के लिए सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। राहुल गांधी को बदनाम करने की झूठी राजनीति बंद होनी चाहिए, जनता के असली मुद्दों/बेरोजगारी, महंगाई, वोट चोरी, किसान और शिक्षा पर भाजपा को जवाब देना चाहिए।


