राजनांदगांव
देर रात तक स्थल सजावट देखने परिवार संग उमड़ रही भीड़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 सितंबर। गणेश उत्सव पर्व का उत्साह पूरे शबाब पर पहुंच गया है। विघ्नहर्ता के पंडालों की सजावट देखने के लिए देर रात तक परिवार संग लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
आकर्षक मूर्ति और स्थल सजावट की चमक लोगों को भा रही है। शहर में गणेश पर्व को लेकर लगभग हर चौक-चौराहों में विशालकाय मूर्तियों से लेकर छोटी प्रतिमाएं भी भक्तों का मन मोह रही है। पंडालों में देर रात तक गणपति बप्पा मोरिया और पौराणिक लीलाएं से जुड़ी गीत-संगीत से माहौल भक्तिमय बन गया है। शहर के स्थल सजावटों में इस बार कई सामाजिक समरसता के अलावा छत्तीसगढ़ी संस्कृति का भाव नजर आ रहा है। स्थल झांकियों की छंटा लगातार बिखरती जा रही है।
विसर्जन झांकी से पहले शहर में व्यापक स्तर पर उत्साह दिख रहा है। रात तक शहर के मुख्य मार्गों में गणेश उत्सव का नजारा देखने के लिए परिवार के लोग पहुंच रहे हैं। ग्रामीण इलाकों से भी अच्छी उपस्थिति है। शहर के बाहरी इलाकों के लोगों का भी देर रात तक जमावड़ा दिख रहा है। बढ़ती भीड़ के चलते पुलिस को सुरक्षा बंदोबस्त के लिए जी-तोड़ मेहनत करनी पड़ रही है।
राजनांदगांव शहर के भीतर भगवान गणेश की धार्मिक लीलाओं को लेकर स्थल सजावट तैयार किया गया है। गणेश समितियों ने अपने स्तर पर आकर्षक पंडाल के अलावा मूर्तियों को भी विशिष्ट तरीके से सजाया है। राजनांदगांव शहर में गणेश पर्व को लेकर लोगों की एक अलग ही दिलचस्पी रहती है, जहां सार्वजनिक रूप से पंडालों में विघ्नहर्ता विराजित हैं। वहीं घरों में भी रोज लंबोदर महाराज की पूजा-अर्चना में भक्त लीन है।
भादो मास में गणेश की आराधना को एक पुण्य का काम माना जाता है। यही कारण है कि राजनांदगांव में गणेश पर्व का लोगों को इंतजार रहता है।
शहर के अंदरूनी स्थल सजावटों में कृत्रिम रौशनी लोगों का ध्यान खींच रही है।
गणेश के साथ अलग-अलग अन्य पौराणिक गाथाओं को स्थल सजावट में प्रदर्शित किया जा रहा है। उधर शहर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त के बीच गण्ेश पर्व का उत्साह बरकरार है। पुलिस ने प्रतिदिन 100 से ज्यादा जवानों को तैनात रखा है। अगले एक-दो दिन में भीड़ और उमड़ेगी। गणेश पर्व के आखिरी दिन यानी विसर्जन झांकी के लिए भी पुलिस ने योजना बना ली है।
पुलिस लगातार असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई भी कर रही है। शनिवार की रात को शहर के भीतरी मार्गों में विसर्जन झांकियों का लोग दर्शन करेंगे। एक जानकारी के मुताबिक 40 से ज्यादा झांकियां इस साल शहर के मुख्य मार्गों से गुजरेगी।


