राजनांदगांव
चोरी कर सोनार को बेचा, 24 ग्राम गला हुआ सोना जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 अगस्त। डोंगरगांव की रहने वाली एक महिला का चलती बस में लाखों रुपए के जेवरात पार करने वाले महिला गिरोह को पुलिस ने धरदबोचा है।
कोतवाली पुलिस की एक टीम ने महाराष्ट्र के नागपुर के समीप कन्हान से आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी के जेवरात को खरीदी कर गलाने वाले सोनार को भी पकड़ा है। 25 अगस्त को हुए उक्त घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिये संदिग्ध महिलाओं पर नजर डाली। इसके बाद पुलिस ने मुखबिरों के जरिये आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक डोंगरगांव की रहने वाली नीता शर्मा 25 अगस्त को भारत ट्रेवल्र्स की बस से सफर कर राजनांदगांव आ रही थी। इस बीच जंगलपुर से 3 महिलाएं बस में चढ़ी और लड़ाई-झगड़ा करते हुए महिला के बीच में जाकर बैठ गई। प्रार्थिया राजनांदगांव से कवर्धा जाने के लिए जब दूसरी बस में नए बस स्टैंड में सवार हो रही थी, तब टिकट के लिए पैसे निकालने पर उसके जेवरात नहीं मिले। इस तरह उक्त महिला उठाईगिरी की शिकार हो गई।
पुलिस से शिकायत करने पर फौरन एक टीम आरोपी महिलाओं की खोजबीन में लग गई। पुलिस को शिकायत में महिला ने बताया कि एक नग चोकर, एक मंगलसूत्र ईयररिंग अंगूठी समेत 2.50 लाख रुपए कीमत के जेवरात पर्स से गायब थे। पुलिस ने फौरन अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की खोजबीन शुरू की। इस बीच पुलिस द्वारा लगाए गए सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध महिलाएं नजर आई। जिसकी पतासाजी करते हुए टीम महाराष्ट्र के कन्हान में पहुंची। वहां से बिजुरिया बाई, पूजा नाड़े, रेखा पात्रे को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
पूछताछ में महिलाओं ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। वहीं चोरी के जेवरात खरीदने वाले सतीश वर्मा को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सोना खरीदने के बाद सोनार ने उसे गला दिया था। इस तरह पुलिस ने 24.85 ग्राम गला हुआ सोना भी बरामद किया है। कोतवाली थाना प्रभारी रामेन्द्र सिंह ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि त्यौहारी सीजन में महिलाओं का ऐसा गिरोह सक्रिय रहता है। उन्होंने कहा कि सफर के दौरान महिलाओं को सतर्कता बरतने की जरूरत है।


