राजनांदगांव

बाढ़ का पानी उतरा, खैरागढ़ में बहे युवक का शव मिला तो कई खेत अब भी पानी में डूबे
28-Jul-2025 4:27 PM
बाढ़ का पानी उतरा, खैरागढ़ में बहे युवक का शव मिला तो कई खेत अब भी पानी में डूबे

मूसलाधार बारिश थमने के बाद हालात हो रहा सामान्य

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 28 जुलाई। जिले में मूसलाधार बारिश  फिलहाल थम गई है। गुरुवार से शनिवार तक तेज बारिश से राजनांदगांव समेत खैरागढ़ और मोहला-मानपुर का एक बड़ा हिस्सा पानी में डूबा रहा। खैरागढ़ में बरसाती पानी ने भारी तबाही मचाई है। शहर लगभग दो दिनों तक जलमग्न रहा। पानी में डूबे रहने से खैरागढ़ के निचली बस्तियों को जबर्दस्त नुकसान हुआ है।

बाढ़ का पानी उतरने के बाद अब भयावह तस्वीरें सामने आ रही है। इधर खैरागढ़ में तेज बहाव में डूबा युवक का शव 24 घंटे बाद गोताखोरों के हाथ लगा।  एक रेस्क्यू आपरेशन कर शव को ढूंढने में विशेषज्ञ गोताखारों के साथ कई आम लोग भी डटे रहे। किसी तरह शव मिलने के बाद उसकी शिनाख्ती की गई है। पहचान में खैरागढ़ का ही युवक अमित यादव के होने की जानकारी मिली। इसके बाद मोहल्ले में मातम छा गया। शुक्रवार-शनिवार को खैरागढ़ इलाके में भी जबर्दस्त पानी हुई। मूसलाधार बारिश के असर से आमनेर और उसकी सहायक नदियों का पानी खैरागढ़ के एक बड़े हिस्से में घुस गया। पानी भरते ही शहर में  अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इधर खेल-खेल में आम्बेडकर के रहने वाले अमित यादव तेज बहाव में बह गया।

 

बताया जा रहा है कि अमित के पिता की छह माह पूर्व मृत्यु हुई थी। ऐसे में वह अपनी मां और बहन के लिए इकलौता कमाऊ पुत्र था। अमित यादव शीतला मंदिर के पास स्थित खेल-खेल में बाढ़ के पानी में अपने एक साथी के साथ पानी में उतरा था। अचानक दोनों बह गए। बाद में उसका साथी बाहर आ गया, लेकिन अमित तेज बहाव के चपेटे में पानी में डूब गया। इधर खैरागढ़ के भीतरी इलाको के खेत भी पानी में डूबे रहे। जिसके चलते किसानों को जबर्दस्त नुकसान हुआ है। खैरागढ़ के आखिरी छोर में स्थित लछना पंचायत के पूर्व सरपंच गणेश राम पटेल का कहना है कि गांव के किसानों के सैकड़ों हेक्टेयर में धान की फसल को मूसलाधार बारिश से नुकसान पहुंचा  है। बारिश से खेत पानी में डूबे हुए हैं। उन्होंने किसानों को मुआवजा देने की मांग की है।

इस बीच मोहला-मानपुर क्षेत्र का अंदरूनी इलाका तेज बारिश के असर से बच नहीं पाया। इस क्षेत्र के किसान भी मूसलाधार बारिश से हुए नुकसान की भरपाई चाह रहे हैं। उधर बाढ़ का पानी अब भी खैरागढ़ के कुछ हिस्सों से उतर रहा है। बारिश बंद होने के बाद आवाजाही सामान्य होने लगी है।


अन्य पोस्ट