राजनांदगांव

धोखाधड़ी से 10 लाख जमा होना पाया गया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 जुलाई। सायबर धोखाधड़ी से प्राप्त राशि का व्ययन करने, उपयोग करने व संवर्धन करने में अपने खाता का उपयोग करने वाले 8 म्यूल एकाउंट खाता धारकों को डोंगरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार भारत सरकार गृह मंत्रालय द्वारा संचालित भारतीय सायबर अपराध समन्वय केन्द्र के समन्वय पोर्टल में ऐसे म्यूल बैंक एकाउंट। जिसका इस्तेमाल सायबर धोखाधड़ी से प्राप्त राशि का व्ययन करने, उपयोग करने व संवर्धन करने के लिए उपयोग में लाया गया है, की जानकारी समन्वय पोर्टल में प्रदर्शित होता है।
पुलिस द्वारा अपने थाना क्षेत्र में खोले गए म्यूल एकाउंट का जांच कर कार्रवाई की जाती है। ऐसे ही म्यूल खाता के धारकों के समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी अनुसार बंधन बैंक शाखा डोंगरगढ़ में खुले विभिन्न म्यूल बैंक खातों में 25 जनवरी 2024 से 31 दिसंबर 2024 तक सायबर धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि 10 लाख 6 हजार 544 रुपए जमा होना पाया गया, जिस पर 15 जुलाई 2025 को डोंगरगढ़ थाना में अप.क्र. 360/2025 धारा 317(2), 317(4), 317(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया जाकर 19 जुलाई को 08 म्यूल अकांउट खाता धारक मन्नू यादव, सिराजूदीन खान, आर्यन नामदेव, सोहेल खान, चिरावन सेन, रवि ढीमर, सचिन मेश्राम एवं प्रियांशु जंघेल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।