राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 मई। मोहला-मानपुर जिले के बांधाबाजार स्थित एक व्यापारी के निजी गोदाम में करोड़ों रुपए का धान डंप होने की जानकारी मिलने के बावजूद मंडी प्रशासन ने कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति की है।
व्यापारी के पास उपज को लेकर मंडी का लाईसेंस नहीं मिला है। करोड़ों रुपए का धान मिलने पर सिर्फ दो ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई कर मामले को निपटा दिया गया। मिली जानकारी के मुताबिक बांधाबाजार के मुरारी ट्रेडर्स के जोरातराई रोड स्थित गोदाम में करोड़ों रुपए का धान डंप होने का एक वीडियो वायरल हुआ। उसके बाद मंडी प्रशासन ने महज दो ट्रकों के विरूद्ध कार्रवाई की और नाममात्र का पेनाल्टी लगाया गया। इस कार्रवाई से मंडी प्रशासन कटघरे में खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि व्यापारी के पास मंडी का लाईसेंस नहीं होने के बावजूद करोड़ों रुपए का धान कैसे डंप किया, इसको लेकर जांच की मांग उठ रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गत् 19 मई को कृषि उपज मंडी समिति बांधाबाजर ने फर्म मुरारी ट्रेडर्स जोरातराई रोड स्थित गोदाम का का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो ट्रकों में धान तथा मक्का तकरीबन 500 च्ंिटल तथा गोदाम में रखे धान 170 और भवन में 7990 कुल मिलाकर 8160 क्विंटल पाया गया है।
इस संबंध में व्यापारी के पास कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए जाने पर दोनों ट्रकों में भरे माल को जब्त कर 5 गुना मंडी शुल्क अधिरोपित कर जुर्माना राशि वसूलने की जानकारी मिली है। जब्त किए गए धान के अलावा मक्का में भी पेनाल्टी की गई है। इसके अलावा गोदाम में पाए गए धान तथा मक्का का मंडी शुल्क जमा करने के लिए निर्देशित किया गया है। जबकि सूत्र बताते हैं कि जब व्यापारी का मंडी में पंजीयन ही नहीं है तो फिर शुल्क कैसे जमा होगा। बताया जाता है कि पूरी तरह से ट्रकों एवं गोदाम में करोड़ों रुपए का धान तथा मक्का अवैध है। इसके बाद भी तकरीबन 71 हजार रुपए पेनाल्टी लगाकर मामले को रफादफा किया जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि संबंधित व्यापारी ने अंचल के किसानों से धान और मक्का की पूरी खरीदी उधारी में की है। किसान पैसे के लिए भी भटक रहे हैं, लेकिन अभी तक किसानों को राशि का भुगतान नहीं किया गया है। जिसके कारण मोहला जिला प्रशासन से भी इस मामले की शिकायत किए जाने की जानकारी मिली है।
सूत्रों का कहना है कि मुरारी ट्रेडर्स द्वारा बगैर लाईसेंस के ही अनाज की खरीदी की जा रही है। बांधाबाजार मंडी में लाईसेंस का नवीनीकरण नहीं किया गया है। इसके बाद भी खुलेआम खरीदी का काम किया जा रहा है। अब मामला पकड़ में आने के बाद अब लाईसेंस के नवीनीकरण की तैयारी की जा रही है। बताया जाता है कि मुरारी ट्रेडर्स पर लाखों रुपए टैक्स के पहले से ही बकाया है, जो आज तक अदा नहीं किया गया है। इस संबंध में बांधाबाजार मंडी द्वारा कई नोटिस जारी की जा चुकी है।