राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 दिसंबर। प्रदेश मे नगरीय निकाय के कर्मचारी वेतन एवं अपनी अन्य मागों को लेकर विगत तीन-चार दिनों से हडताल में है। जिसके कारण शहर की व्यवस्था चौपट हो गई है और नागरिकों को दी जाने वाली मूलभूत सुविधा पेयजल सप्लाई बाधित हो गई है। वहीं शहर में सफाई व्यवस्था ठप हो गई है। दूसरी ओर सरकार जश्न मना रही है। यह बातें महापौर एवं प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष हेमा सुदेश देशमुख ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कही।
महापौर श्रीमती देशमुख ने कहा कि सरकार अपने एक साल के कार्यकाल की उपलब्धिया गिनाते झूठी वाहवाही ले रही है। जबकि धरातल में कुछ और ही स्थिति है। उन्होंने कहा कि जब से सरकार बैठी है, प्रदेश में अराजक्ता का माहौल निर्मित हो गया है। अधिकारी-कर्मचारी अपनी मांगो के लिए हड़ताल पर हड़ताल किए जा रहे हैं, किन्तु यह सरकार इन्हें नजर अंदाज कर जश्न मनाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का नगरीय निकाय विभाग सबसे महत्वपूर्ण विभाग होता है और निकाय के कर्मचारियों को वेतन के लाले पड़े हैं। जिसके लिए वे हड़ताल कर रहे हैं। जबसे सरकार बैठी है, तब से निकाय के कर्मचारी तीसरी बार हड़ताल कर रहे हैं। इसी प्रकार अन्य विभाग के कर्मचारी भी हड़ताल में लगे हुए हैं। जबकि अधिकारी और कर्मचारी ही सरकार के प्रमुख अंग होते है, ये इस सरकार की एक साल की उपलब्धि है।