राजनांदगांव

बागरझोला में पुलिस सुरक्षा कैम्प की स्थापना
19-Oct-2024 3:53 PM
बागरझोला में पुलिस सुरक्षा कैम्प की स्थापना

 नक्सल विरोधी अभियान में मिलेगी सहायता 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 अक्टूबर।
मप्र बार्डर के समीप सघन नक्सल प्रभावित ग्राम बागरझोला में पुलिस सुरक्षा कैम्प की स्थापना की गई। कैम्प की स्थापना से नक्सलियों के अंतर्राज्यीय सीमा पर मूव्हमेंट पर अंकुश लगेगा। वहीं नक्सलियों के विरूद्ध सफल नक्सल विरोधी अभियान चलाए जाने में सहायता मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में निर्बाध रूप से विकास कार्य में मदद मिलेगी। केसीजी एसपी, कमांडेंट 40वीं वाहिनी आईटीबीपी द्वारा ग्राम का भ्रमण कर ग्रामीणों से समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों को समस्याओं के निराकरण के लिए आश्वासन दिया गया। विगत 10 माह में 2 नवीन सुरक्षा कैम्प खोला गया। 

मिली जानकारी के अनुसार आईजी दीपक झा के निर्देशन में खैरागढ़ एसपी त्रिलोक बंसल के नेतृत्व में सघन नक्सल प्रभावित ग्राम बगारझोला में 18 अक्टूबर को पुलिस सुरक्षा कैम्प की स्थापना ग्राम एवं आसपास के ग्रामीणों और सुरक्षाबलों की उपस्थिति में की गई। इस अवसर पर सेनानी 40वीं वाहिनी आईटीबीपी अनंत नारायण दत्ता, अति. पुलिस अधीक्षक केसीजी नेहा पाण्डेय, सेकंड इन कमांड आईटीबीपी विनोद कुमार, डीसी ऑप्स आईटीबीपी शैलेष कुमार, सहायक सेनानी, संतोष सिंह, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय प्रदीप येरेवार, रक्षित निरीक्षक के देव राजू एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

ग्राम बागरझोला में पुलिस बल ने ग्रामीणों का हाल-जाना एवं उनसे समस्याओं के विषय में जानकारी ली। ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया कि पुलिस उनकी सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगी। निर्भिक होकर अपनी समस्याओं से पुलिस को अवगत करा सकेंगे। उल्लेखनीय है कि ग्राम बागरझोला जिला केसीजी छत्तीसगढ़ जिला जिला बालाघाट मध्यप्रदेश के सीमावर्ती ग्राम है, जहां नक्सलियों का आवागमन बना रहता है। इस क्षेत्र का उपयोग नक्सली एक राज्य से दूसरे राज्य में क्रसिंग प्वाईंट के रूप में करते हैं। पुलिस के लिए यह स्थान सामरिक दृष्टिकोण से अति महत्चपूर्ण है। बागरझोला में पुलिस कैंप के स्थापना से नक्सलियों के गतिविधियों पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस कैंप बागरझोला को सफल अंतरराज्यीय नक्सल विरोधी अभियान चलाए जाने हेतु लांच पैड के रूप में ईस्तेमाल किया जा सकेगा। 

बागरझोला से बालाघाट मप्र जिला के लगते सीमा क्षेत्र में नक्सली अपने गतिविधियों में वृद्धि कर वारदातों को अंजाम दे रहे थे। सुरक्षा कैंप स्थापना से सीमावर्ती जिला बालाघाट मप्र में नक्सली गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण प्राप्त होगा। विकास कार्य निर्बाध रूप से पूर्ण किए जाने में सहायता मिलेगी। क्षेत्र की जनता एवं पुलिस के बीच आपसी समझ एवं विश्वास में वृद्धि होगी। क्षेत्र में सुरक्षा एवं शांति का वातावरण निर्मित होने से विकास कार्य में तेजी आएगी। 

कैंप स्थापित किए जाने के कारण नक्सली अपने प्रभाव क्षेत्र के विस्तार नहीं कर सकेंगे। शासन के जनहितैषी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचेगा। साथ ही 17 अक्टूबर को कैम्प घोठा से बी कंपनी छसबल का रि-डिप्लायमेंट कर कैम्प बुढ़ानभाठ में स्थापित किया गया है। कैम्प घोठा के रिक्त अधोसंरचना का उपयोग स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाएगा। जिससे घोठा क्षेत्र के आसपास ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य का लाभ मिलेगा।

पुलिस कैंप बगारझाोला की स्थापना प्रक्रिया सुरक्षित रूप से पूर्ण कराने में मध्यप्रदेश पुलिस एवं जिला राजनांदगांव, कबीरधाम के डीआरजी तथा जिला केसीजी डीआरजी टीम एवं 40वीं वाहिनी आईटीबीपी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उक्त बल द्वारा कैंप स्थापना के दौरान समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल द्वारा कैंप स्थापना में सहयोग करने वाले सुरक्षाबलों एवं ग्रामीणों का अभार व्यक्त किया गया।
 


अन्य पोस्ट