राजनांदगांव

डोंगरगढ़ में दर्शन के लिए आज भी रही रेलमपेल की स्थिति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 अक्टूबर। मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पंचमी शुरू होते ही आधी रात से आज पूरे दिन लगभग डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने मां के दर में माथा टेका। सडक़ों में पदयात्रियों की संख्या में खासा इजाफा नजर आया। राज्य के अलग-अलग हिस्सों से मां के भक्त निजी संसाधनों और बसों के जरिये पहुंच रहे हैं। रविवार सुबह अचानक लाखों की भीड़ पहुंचने से अव्यवस्था की स्थिति रही। हालांकि सोमवार को स्थिति में काफी सुधार नजर आया। पुलिस की सख्ती के चलते भक्तों को नियम-शर्तों के तहत ही ऊपर दर्शन के लिए अलग-अलग समय पर रवाना किया गया। जिसके चलते आज भी भीड़ होने के बावजूद स्थिति नियंत्रण में रही।
इस बीच पदयात्रियों का अलग-अलग क्षेत्रों से आज भी डोंगरगढ़ पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। डोंगरगढ़ का मेला प्रांगण भी पदयात्रियों से भरा रहा। दीगर राज्यों के भक्त भी दर्शन के लिए सपरिवार पहुंच रहे हैं। डोंगरगढ़ में कल हुए हादसे के मद्देनजर चिकित्सकीय सुविधा को और बेहतर बनाया गया।
पंचमी पर जयकारा के साथ मां का विशेष श्रृंगार
शारदीय नवरात्र पर्व के पंचमी अवसर पर मां दुर्गा का विशेष श्रृंगार के साथ मंदिरों में दिनभर आराधना का दौर बना रहा। सुबह से ही श्रद्धालु भक्तों की भीड़ पंचमी अवसर पर माता के दर्शन के लिए मंदिरों व देवालयों में उमड़ी रही। श्रद्धालुओं द्वारा सुबह माता के जयकारा लगाते दर्शन किए। वहीं श्रद्धालु नवरात्र पर्व पर अपनी इच्छा शक्ति के चलते मां दुर्गा का उपवास कर अपनी मनोकामना पूर्ण करने माता की आराधना में लीन नजर आए। नवरात्रि पर्व के पंचमी अवसर पर धर्मनगरी डोंगरगढ़ के पहाड़ी स्थित मां बम्लेश्वरी के दर्शन करने शहर समेत जिले व अन्य राज्यों से पहुंचने वाले भक्तों का तांता भी लगा रहा।
स्थानीय पुराना बस स्टैंड स्थित मां कालीमाई मंदिर, सोनारपारा स्थित मां शीतला मंदिर, दिग्विजय कॉलेज स्थित दुर्गा मंदिर, बर्फानी आश्रम स्थित मां पाताल भैरवी मंदिरों समेत अन्य मंदिरों में भक्तों का रेला मां के दर्शन के लिए उमड़ रहा है। वहीं मंदिर समिति के पदाधिकारी भी पंचमी अवसर पर श्रद्धालुओं के बढऩे की आशंका को लेकर व्यवस्था में जुटे हुए थे। पंचमी पर्व पर श्रद्धालु मंदिरों व पूजा पंडालों में पहुंचकर माता के श्रृंगार की वस्तुएं अर्पित कर अपनी मनोकामनाओं के लिए पूजा-अर्चना की। इसके अलावा शहर के कुछ स्थानों में गरबा नृत्य का भी आयोजन किया जा रहा है, जहां युवक-युवतियां पहुंचकर गरबा नृत्य का आनंद भी उठा रहे हैं। वहीं जोत जंवारा स्थापित स्थानों में सुबह-शाम जसगीत का आयोजन होने से वहां का माहौल भक्तिमय बना हुआ है।
श्रद्धालुओं की उमड़ रही भीड़
नवरात्र पर्व के चलते जहां सडक़ों में पदयात्रियों का जत्था नजर आ रहा है। वहीं बसों और ट्रेनों में भी यात्रियों की संख्या बढऩे से लोगों को हलाकान होना पड़ा रहा है। इसके अलावा रोजाना आवागमन करने वाले यात्री भी पर्व के चलते भीड़ बढऩे से धक्का-मुक्की के बीच सफर करने मजबूर हैं।
भक्तों से खचाखच भरे रहे मंदिर
नवरात्र पर्व के प्रारंभ होते श्रद्धालुओं का मंदिरों की ओर रूख करने से मंदिरों में रौनक बढ़ गई है। सुबह व शाम के समय माता की आरती में शामिल होने भक्तगण परिजनों के साथ मंदिरों में आरती में शामिल हो रहे हैं। वहीं मंदिरों व पंडालों को आकर्षक विद्युत लाईटों से सजाने से उसकी रौनक भी बढ़ गई है। पंचमी के दिन सुबह से भक्तों का रेला माता के दरबार में लगा रहा।