राजनांदगांव
.jpg)
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जगह-जगह आयोजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर निरोग रहने के संदेश के साथ राजनीतिक और गैर राजनीतिक वर्ग के अलावा आम लोगों ने भी योग के अलग-अलग आसन किए। किसी ने प्राणयाम के विभिन्न मुद्राएं की तो किसी ने सूर्य नमस्कार से पसीने बहाए।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आज सुबह स्थानीय कृषि उपज मंडी प्रांगण बसंतपुर में सामुहिक योग का जिला स्तरीय आयोजन सुबह 7 से 8 बजे तक आयोजित किया गया। इसके अलावा विभिन्न संस्थाओं में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोगों ने योग आसन का अभ्यास किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बसंतपुर स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण में राजनीतिक दल, अधिकारीगण एवं आम नागरिकों ने योग के आसन का अभ्यास किया। तंदुरूस्त बने रहने के लिए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शुक्रवार को योग कर सैकड़ों लोगों ने जमकर पसीना बहाया।
जिले में योग दिवस पर दर्जनों कार्यक्रम हुए। लोगों में योग के प्रति जागरूकता लाने वैश्विक स्तर पर 21 जून को योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। योग दिवस से करीब एक सप्ताह पूर्व योगाभ्यास का दौर भी चला। स्थानीय नवीन कृषि उपज मंडी स्थित परिसर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों समेत अन्य लोगों ने भी योग किया। योग कार्यक्रम के दौरान योग गुरूओं ने कई मुद्राओं का प्रदर्शन किया। योग गुरूओं के बताए आधार पर लोगों ने भी हरकत की। योग के तरीकों को लेकर ज्यादातर लोग अनजान थे। तय समय के मुताबिक सुबह कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। सूर्य नमस्कार, प्राणायम, शीर्षासन के अलावा अन्य योग कराए गए।
प्रशिक्षकों ने बताया कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए नहीं है, अपितु इसका सीधा संबंध मन की प्रसन्नता से है। योग प्रशिक्षक ने योग का अर्थ बताते कहा कि योग के लिए सबसे प्रचलित सूत्र वाक्य है। योग: चित्त वृत्ति निरोध: अर्थात योग मन के अवरोधों को दूर करता है और मन को शांति प्रदान करता है। इस मौके पर साधकों को योग के फायदे के संबंध में बताया गया। योग सेशन एक घंटे चला और इस दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई। नागरिकों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं योग करेंगे एवं योग के लाभों के संबंध में अन्य लोगों को भी जानकारी देंगे, ताकि सबके अच्छे स्वास्थ्य का उद्देश्य भी हासिल हो सके।