राजनांदगांव

रहस्यों से भरी मंडीपखोल गुफा देखने हजारों पर्यटक पहुंचे
14-May-2024 2:35 PM
रहस्यों से भरी मंडीपखोल गुफा देखने हजारों पर्यटक पहुंचे

अक्ती पर्व के बाद पहले सोमवार को साल में एक बार खुलती है गुफा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 14 मई। खैरागढ़ जिले के गंडई इलाके के ठाकुरटोला जंगल में स्थित मंडीपखोल गुफा को देखने के लिए हजारों पर्यटक सोमवार को दिनभर   मौजूद रहे। अक्षय तृतीया पर्व के बाद पहले सोमवार को मंडीपखोल गुफा साल में एक बार खुलता है। गुफा को रहस्यमयी माना जाता है। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद गुफा में प्रवेश का सिलसिला शुरू हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार अक्षय तृतीया के बाद पडऩे वाले पहले सोमवार को ही यह गुफा खुलती है। दिन ढलते ही सालभर के इस गुफा को फिर बंद कर दिया जाता है। मंडीपखोल गुफा को देखने के लिए बड़ी संख्या में हर साल लोग पहुंचते हैं। पर्यटन स्थल को लेकर इस बार प्रशासनिक टीम ने भी खास व्यवस्था की थी। पहली बार गुफा के पास पुलिस बल से लेकर मेडिकल टीम भी मौजूद रही। इसके अलावा दुर्ग के एनजीओ द्वारा भंडारा का भी आयोजन किया गया था। प्रशासनिक टीम के मुताबिक मंडीपखोल गुफा को देखने सोमवार को लगभग 10 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे थे।  मंडीपखोल गुफा का निरीक्षण करने के लिए सोमवार को पुरातात्विक विभाग की टीम भी पहुंची थी।

टीम के सदस्यों ने गुफा में प्रवेश कर कई तथ्य जुटाए। इसके अलावा पूरे हिस्से का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि मंडीपखोल गुफा कई रहस्यों को समेटे हुए हैं, जिसे लेकर पुरातात्विक विभाग भी कई तथ्य जुटा रहे हैं। आने वाले समय में मंडीपखोल गुफा को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने की भी तैयारी है।

मधुमक्खियों का हमला

ठाकुरटोला के जंगल में स्थित मुडीपखोल गुफा देखने देखने बड़ी संख्या में लोग हर साल पहुंचते हैं। सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में लोग गुफा घूमने पहुंचते हैं। कल सोमवार को गुफा के पास मौजूद भीड़ पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। अचानक हमले से दर्जनों पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए।  वहीं घायलों को नजदीक के अस्पताल ले जाया गया।  वहीं मधुमक्खियों के अचानक हमला होने से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई थी। कुछ देर बाद मधुमक्खियों के शांत होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।


अन्य पोस्ट