राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 जनवरी। शहर जिला आदिवासी कांग्रेस राजनांदगांव ने छत्तीसगढ़ के हसदेव अरण्य वन की कटाई रोकने की मांग को लेकर बुधवार को जयस्तंभ चौक में प्रदर्शन किया गया। साथ ही राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन कलेक्टर को सौंपने की तैयारी की गई है।
शहर आदिवासी कांग्रेस राजनांदगांव के अध्यक्ष गेमुलाल कुंजाम ने बताया कि अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवाजी राव मोघे के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस आदिवासी के निर्देशानुसार शहर जिला कांग्रेस संगठन व शहर जिला आदिवासी कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करता है कि कोयला के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश के सरगुजा संभाग के हसदेव अरण्य के हजारों एकड़ भूमि व जंगलों की कटाई किया जा रहा है, जो कि हसदेव अरण्य क्षेत्र प्राकृतिक रूप से सघन वनों से आच्छादित एवं जैव विविधता से समृद्ध क्षेत्र है, जहां सदियों से आदिवासी समुदाय के साथ ही अन्य समुदाय के लोग निवास करते आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हसदेव क्षेत्र में वनों की कटाई होने से वन्य जीवों के रहवास जंगल का अस्तित्व समाप्त होगा। साथ ही आदिवासियों के समक्ष विस्थापन जैसी भीषण समस्या आने से उनकी सांस्कृतिक धरोहर स्थल भी नष्ट हो जाएंगे। इस कटाई को तत्काल रोके व आदिवासियों के साथ न्याय करें।
प्रदर्शन के दौरान महापौर हेमा देशमुख, शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा, अमित चंद्रवंशी, सूर्यकांत जैन, गेमुलाल कुंजाम, विकास त्रिपाठी, संदीप जायसवाल, आसिफ अली समेत अन्य लोग शामिल थे।