राजनांदगांव

नांदगांव मेयर की सुरक्षा में कटौती
31-Dec-2023 2:52 PM
नांदगांव मेयर की सुरक्षा में कटौती

दो में से एक जवान की वापसी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 31 दिसंबर।
राज्य में सरकार बदलने के बाद से कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा में कटौती शुरू हो गई है। इसी कड़ी में राजनंादगांव मेयर हेमा देशमुख की सुरक्षा को हटा दिया गया है। 

पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में उन्हें दो जवानों की सुरक्षा प्रदान की गई थी। एसपी ने स्थानीय स्तर पर महापौर को सुरक्षा मुहैया कराई थी। हालांकि उनकी सुरक्षा के लिए राज्य सरकार ने कर्मियों को तैनात नहीं किया था।

बताया जाता है कि सुरक्षा स्थिति का आंकलन के रिपोर्ट के आधार पर शासन सीधे अथवा एसपी के जरिये कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है। राज्य में कांग्रेस पार्टी के महापौरों की सुरक्षा एसपी के निर्देश पर की गई थी। अब स्थानीय पुलिस अफसरों ने जवानों को पुलिस लाइन में वापस लौटने का निर्देश जारी कर दिया है। महापौर हेमा देशमुख की सुरक्षा 3 दिसंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद से कम कर दी गई। फिलहाल एक जवान उनकी सुरक्षा में तैनात है।

इस संबंध में महापौर हेमा देशमुख ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि नक्सल जिला होने के बावजूद उनकी सुरक्षा को हटा दिया गया है। सरकार बदलने के बाद ऐसी स्थिति बनी है। यहां यह बता दें कि महापौर को राजनीतिक-गैर राजनीतिक कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए नक्सल इलाकों का भी रूख करना पड़ता है। बताया जा रहा है कि कई भाजपा नेताओं को सरकार से सुरक्षा प्राप्त है। जिसमें कई पद में नहीं है। यानी सरकार के प्रभाव के चलते कांग्रेसी नेताओं की सुरक्षा में कटौती किया जा रहा है। इससे कांग्रेस नेता खफा हैं।

 


अन्य पोस्ट