राजनांदगांव

सुशासन दिवस पर राज्य सरकार ने पहले चुनावी वादे को किया पूरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 दिसंबर। सत्तारूढ़ भाजपा ने विधानसभा चुनाव में पहले वादे को पूरा करते सुशासन दिवस पर अविभाजित राजनंादगांव और कवर्धा जिले के किसानों के खाते में 3 अरब रुपए जमा कर दिए।
मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जहां राजधानी में आयोजित कार्यक्रम में राज्यभर के किसानों को बोनस की राशि स्थानांतरित की। वहीं राजनांदगांव में भी किसानों को कार्यक्रम के दौरान राशि जारी की। भाजपा सरकार द्वारा विधानसभा चुनाव के पहले अपने घोषणा पत्र में पूर्व में बकाया दो वर्ष का बोनस राशि देने की घोषणा की गई थी। प्रदेश में भाजपा की सरकार बन जाने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने कैबिनेट की बैठक में ही बोनस की राशि देने का घोषणा की थी।
25 दिसंबर से बोनस की राशि देने समितिवार किसानों की सूची तैयार की जा चुकी है। नांदगांव जिले में कुल एक लाख 5 हजार 480 किसानों को बोनस की राशि दी गई। इसी तरह खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अं. चौकी तथा कवर्धा जिले के किसानों के खाते में राशि का स्थानांतरण किया गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2014-15 तथा 2015-16 में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वले किसानों को एकमुश्त दो वर्ष का बोनस राशि दिया जा रहा है। राजनांदगांव जिले में वर्ष 2014-15 में 61140 किसानों ने 29 लाख 79 हजार 119.40 क्विंटल धान की बिक्री की थी। प्रति क्विंटल 300 रुपए के हिसाब से बोनस की राशि 8937.36 लाख बताई गई है। इसी तरह वर्ष 2015-16 में 44340 किसानों से 1697857.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी। जिसकी कुल बोनस राशि 5093.57 लाख रुपए बताई जा रही है।
इसी तरह खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में 2014-15 में 26857 किसानों ने 1328523.60 क्विंटल धान की बिक्री की थी। जिसकी कुल राशि 3985.57 लाख रुपए बताई जा रही है। वर्ष 2015-16 में 22533 किसानों से 1005213.60 क्विंटल धान की खरीदी की गई। जिसकी बोनस की कुल राशि 3015.64 लाख रुपए बताई जा रही है। वहीं मोहला-मानपुर-अं. चौकी जिले में वर्ष 2014-15 में 14446 किसानों से 593838 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी। जिसकी कुल राशि 1781.51 लाख रुपए बताई जा रही है।