राजनांदगांव

प्रदेश अध्यक्ष को भेजे त्यागपत्र में हार के लिए दोषी नेताओं पर कार्रवाई की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 दिसंबर। विधानसभा चुनाव में डोंगरगढ़ शहर में कांग्रेस को मिली करारी शिकस्त से दुखी शहर अध्यक्ष संजीव गोमास्ता ने इस्तीफा दे दिया है। हालांकि विधानसभा चुनाव के परिणाम कांग्रेस के पक्ष में रहे, लेकिन शहर अध्यक्ष होने के नाते गोमास्ता पार्टी को लीड नहीं दिला पाए। इसकी जिम्मेदारी लेते उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को त्यागपत्र भेज दिया है।
त्यागपत्र में उन्होंने नैतिकता के आधार पर डोंगरगढ़ शहर अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का जिक्र किया है। अलबत्ता उन्होंने यह जरूर उल्लेख किया है कि विधानसभा चुनाव के दौरान शहर अध्यक्ष होने के बावजूद उन्हें कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई। पिछले 5 वर्ष से संगठन में वह उपेक्षित और अपमानित महसूस करते रहे।
उन्होंने यह भी लिखा है कि ब्लॉक अध्यक्ष रहते हुए प्रदेश कांग्रेस से घोषित सूची में पार्षद टिकट प्राप्त होने के बाद नामांकन के पश्चात अचानक उनकी टिकट काट दी गई। उन्होंने यह भी लिखा है कि कांग्रेस के कार्यक्रमों में डोंगरगढ़ शहर के पदाधिकारियों की पूर्ण उपेक्षा होती रही। इसके बावजूद उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी हर्षिता स्वामी बघेल के लिए निष्ठापूर्वक काम किया। डोंगरगढ़ शहर में भाजपा को बढ़त मिली। शहर में कांग्रेस को मिली हार की वजह से उन्होंने त्यागपत्र दिया है। गोमास्ता 2014 से 8 वर्षों तक डोंगरगढ़ शहर अध्यक्ष के पद पर रहे। उन्होंने अपने इस्तीफे की अन्य वजह का भी जिक्र किया है। इस संबंध में जिला अध्यक्ष भागवत साहू ने इस्तीफा देने से अनभिज्ञता जाहिर की है, वहीं गोमास्ता का मोबाइल भी बंद रहा।