राजनांदगांव

लड़ाकू जवानों के हाथों मारे गए तीन नक्सली
15-Dec-2023 12:00 PM
लड़ाकू जवानों के हाथों मारे गए तीन नक्सली

मोहला-मानपुर की सीमा पर गढ़चिरौली में दो और कवर्धा सीमा पर एक नक्सली ढेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 दिसंबर।
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली-बालाघाट के जंगलों में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग मौके पर मुठभेड़ में तीन नक्सलियों को मार गिराया। दोनों ही मुठभेड़ राज्य के मोहला-मानपुर और कवर्धा के सरहद पर हुआ। नक्सलियों के लिए गुरुवार का दिन काफी नुकसानदायक साबित हुआ।  

मिली जानकारी के मुताबिक गढ़चिरौली एसपी निलोत्पल को मोहला-मानपुर जिले के बार्डर से 10 किमी दूर नक्सलियों के जमावड़े की खबर थी। इस सूचना के आधार पर सी-60 और सीआरपीएफ की टुकड़ी को गश्त के लिए बोधीनटोला जंगल के लिए रवाना किया गया। पुलिस को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी फायरिंग खोल दी। इसके बाद अलग-अलग क्षेत्र में नक्सली भाग खड़े हुए। मौके पर सर्चिंग के दौरान दो नक्सलियों का शव बरामद हुआ। जिसमें एक कसनसूर दलम के डिप्टी कमांडर दुर्गेश वट्टी के रूप में शिनाख्ती हुई। वहीं दूसरे नक्सली शव की पहचान की जा रही है। गढ़चिरौली पुलिस को एके-47 और एसएलआर हथियार भी मिले हैं। 

पुलिस का कहना है कि डिप्टी कमांडर वट्टी साल 2019 में जाम्बुलखेड़ा नक्सल हमले में शामिल था। वह इस हमले का साजिशकर्ता था। इधर मोहला-मानपुर एसपी रत्ना सिंह ने इलाके को सील कर दिया है। खबर है कि कुछ घायल नक्सली मोहला-मानपुर सीमा में घुसपैठ कर सकते हैं। उधर मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में भी नक्सल मोर्चे में जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया है। मारे गए नक्सली की मडक़ाम हिड़मा उर्फ चैतू के रूप में शिनाख्ती हुई है। उस पर 14 लाख रुपए का ईनाम घोषित है। वह मूलत: बीजापुर के भैरमगढ़ ब्लॉक के आलवूर गांव का रहने वाला है। वह 2012 से नक्सल संगठन में भर्ती हुआ। साल 2020 में उसका तबादला एमएमसी जोन में किया गया। बालाघाट की हॉकफोर्स ने खमकोदादर के पास मुठभेड़ में मार दिया। बताया जा रहा है कि सामान लेने पहुंचे नक्सलियों के साथ जवानों का आमना-सामना हो गया। नक्सलियों को कल दो मुठभेड़ में तगड़ा झटका लगा है।

 


अन्य पोस्ट