राजनांदगांव

रिमझिम बारिश से किसानों की चिंता हुई दूर बीती रात से बरस रहे बादल
07-Jul-2025 2:51 PM
रिमझिम बारिश से किसानों की चिंता हुई दूर  बीती रात से बरस रहे बादल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनंादगांव 7 जुलाई। राजनांदगांव जिले में झड़ी के शक्ल में अच्छी बारिश होने से किसानों की चिंता दूर हुई है। बीती रात से अनवरत बारिश होने से जनजीवन पर प्रतिकूल असर पड़ा है। सिलसिलेवार बारिश होने से नदी-नालों के जलस्तर में इजाफा हुआ है। जिले में पहली बार झड़ी लगने से खेतों को पर्याप्त  पानी मिला है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक अच्छी बारिश होने का अनुमान जाहिर किया है।

आषाढ़ महीने की बिदाई के आखिरी दिनों में बरसात होने से  सूखापन भी गायब हुआ है। झड़ी के चलते किसानी कार्य को गति भी मिली है।  आषाढ़ का महीना अपनी समाप्ति की ओर है और आगामी दिनों सावन माह की शुरूआत भी हो जाएगी। ज्ञात हो कि किसान बेहतर बारिश की आस लगाए बैठे हुए थे। बीती शाम से शुरू हुए बारिश से किसानों की चिंता दूर होने लगी है। ज्ञात हो कि इस वर्ष मानसून अपने तय समय से पहले प्रदेश में दस्तक दे चुका था। जिले में भी पिछले कुछ सालों के मुकाबले मानसून ने जल्द दस्तक दी।  इससे ऐसा लगा रहा था कि जून माह की समाप्ति तक पर्याप्त बारिश देखने को मिल सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जुलाई माह लगते ही बारिश की झड़ी शुरू हो गई है। बारिश की झड़ी शुरू होने के साथ ही खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने लगा है।

 खेतों में किसानों की बढ़ी हलचल

जिले में मानसून सक्रिय हो गया है। खेती के लिहाज से मानसूनी बंूदें काफी फायदेमंद मानी जा रही है।  बीते कुछ दिनों से रूक-रूककर बारिश का सिलसिला चल रहा है। हालांकि मानसून ने काफी देरी से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। जून का लगभग पूरा महीना खंड वर्षा की भेंट चढ़ गया। मानसून के लचीलेपन को देखकर किसानों के चेहरों में साफतौर पर तनाव था। राजनांदगांव जिले के सभी इलाकों में मानसून ने लोगों को भीगा दिया।

 मानसून के सक्रिय होते ही उमस से त्रस्त वर्ग को राहत मिली है। बारिश के शुरू होते ही खेतों में किसानों की हलचल बढ़ गई है। धीमी बारिश को फसल के लिए अनुकूल मानकर किसान खेती काम को मजबूती दे रहे हैं। इस बीच जिले में हुई बारिश से मौसम खुशगवार हो गया।

 

रेनकोट, छाता की बढ़ी बिक्री

बारिश से बरसाती कपड़ों के व्यापार को भी गति मिली है। बाजार में रेनकोट और छाते की खरीदी की जा रही है। बरसात से बचने के लिए लोग कई तरह के उपाय भी कर रहे हैं। बादलों के प्रभाव से तापमान तेजी से लुढक़ गया है। मानसूनी बारिश के असर से जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। लोगों के दैनिक कार्य बरसात के चलते धीमे पड़ गए हैं। घर से निकलने के लिए लोग सोंच में पड़ गए। वहीं कुछ लोगों ने बरसाती फुहार का भरपूर लुत्फ भी उठाया। जिले में अच्छी बारिश के कारण खेती कार्य में उछाल आया है। किसानों को आज भी बारिश ने उत्साहित कर दिया। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।

 ऐसी उम्मीद के चलते जीवनदायिनी नदी-नालों को पहली उफान का भी इंतजार है। हालांकि बड़े बांध-बैराजों में कैचमेंट एरिया से पानी की आवक बढ़ी है। इसके चलते बांध-बैराज का सूखापन भी खत्म हुआ है।


अन्य पोस्ट