राजनांदगांव

सेवानिवृत्त सेल टैक्स कर्मचारी का शव आयुर्वेदिक कॉलेज को दान
02-Dec-2023 3:30 PM
सेवानिवृत्त सेल टैक्स कर्मचारी का शव आयुर्वेदिक कॉलेज को दान

तुलसीराम खोब्रागढ़े ने मृत्यु पश्चात देहदान की घोषणा की थी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 दिसंबर।
शहर के जनता कालोनी के बाशिंदे तुलसीराम खोब्रागढ़े के निधन के बाद उसके शव को परिजनों ने सुंदरा स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज को दान कर दिया। मृत्यु पूर्व स्व. खोब्रागढ़े ने देहदान की घोषणा की थी। परिजनों ने उनकी भावनाओं का ख्याल करते हुए उनके देह को मरणोपरांत कॉलेज को सुपुर्द कर दिया। स्व. खोब्रागढ़े विक्रयकर विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। वह मूलत: मोहला के रहने वाले थे। 

उन्होंने मोहला में बुद्ध विहार का निर्माण कराया था। उन्होंने समाज को आगे बढ़ाने के लिए कई उल्लेखनीय कार्य किए। 87 वर्ष की उम्र में निधन होने के पश्चात उनके इच्छानुसार परिवारजनों ने राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज को देहदान किया, लेकिन सुंदरा कॉलेज की मांग पर उनके पार्थिव शरीर को महावीर कॉलेज को सौंप दिया गया। स्व. खोब्रागढ़े के परिवार में पत्नी यशवंता खोब्रागढ़े, पुत्रियां अनिता सहारे, सविता गणवीर, बाबी नोन्हारे, स्नेहलता परूलकर, पुत्र संजय खोब्रागढ़े (शिक्षक) हैं तथा सालिक गणवीर, राकेश नोन्हारे, सुरेश सहारे, विलास परूलकर इंजीनियर हैं। 

महावीर कॉलेज ऑफ आयुर्वेदिक साइंस सुंदरा के शारीरिक रचना विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सत्येन्द्र कुमार दुबे ने परिवार के समक्ष संवेदना व्यक्त करते कहा कि देहदान की यह प्रक्रिया बेहद ही नेक और अनुकरणीय है। देहदान से चिकित्सकीय छात्र-छात्राओं के शोध अध्ययन व अनुसंधान में बच्चों को व्यवहारिक ज्ञान मिलेगा। स्व. खोब्रागढ़े के देहदान के निर्णय की सामाजिक और गैर सामाजिकजनों में सकारात्मक प्रतिक्रिया है। 
 


अन्य पोस्ट