राजनांदगांव

दो दिन बाद नए विधायकों के चेहरे होंगे सामने
01-Dec-2023 3:23 PM
दो दिन बाद नए विधायकों के चेहरे होंगे सामने

48 घंटे बाद होगी मतों की गिनती, हार-जीत के नतीजों में भी बनेंगे रिकार्ड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 दिसंबर।
विधानसभा चुनाव के मतों की गिनती के लिए महज 48 घंटा का वक्त रह गया है। रविवार दोपहर तक नए विधायकों के चेहरे सामने आ जाएंगे। भाजपा और कांग्रेस अपनी जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वास्त है। एग्जिट पोल में कांग्रेस को भाजपा की तुलना में बढ़त मिलती दिखी है। हालांकि दोनों पार्टी के बीच मुकाबला काफी नजदीकी हो चला है। 

रविवार को सुबह 8 बजे से मतों की गणना शुरू होगी। दोपहर आते तक समूचे लोकसभा की 8 विस सीटों के नतीजे सामने आते ही विधायकों का चेहरा भी लोगों के सामने रहेगा। मतगणना के लिए उल्टी गिनती शुरू हो गई है। भाजपा और कांग्रेस  ने चुनावी मुकाबले में जमकर पसीना बहाया है। 

पिछले विधानसभा में पूरे लोकसभा के 8 सीटों में एकमात्र राजनांदगांव विधानसभा में भाजपा का कब्जा रहा। कांग्रेस सफलता को दोहराने का दावा कर रही है, जबकि भाजपा कांग्रेस का सुपड़ा साफ होने के दावे पर अड़ी हुई है। 

इस बीच मतगणना स्थल में दाखिले के लिए नियम-कायदे भी बनाए गए हैं। भाजपा और कांग्रेस नवनिर्वाचित विधायकों को अपनी निगरानी में  रखने के लिए योजना तैयार की है।
दरअसल, कांग्रेस को भाजपा से खतरा लग रहा है। हॉर्स ट्रेडिंग के चलते कांग्रेस ने संभावित प्रत्याशियों को हाईअलर्ट में रखा है। भाजपा ने सभी प्रत्याशियों को मतगणना स्थल में रहने के निर्देश दिए हैं। इधर, कांग्रेस ने जीत के बाद प्रमाण पत्र लेकर रायपुर पहुंचने का निर्देश जारी कर दिया है। रविवार को दोपहर तक सूबे में किसकी सरकार बन रही है, यह भी स्पष्ट हो जाएगा।

उम्मीदवारों के अपने दावे

राजनांदगांव विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी गिरीश देवांगन अपनी जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वास्त हैं। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की जनता ने रमन सिंह के प्रतिनिधित्वि को खारिज कर दिया है। राजनांदगांव एक बार फिर इतिहास बनाने के लिए अग्रसर है। सूबे में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अगुवाई में दूसरी बार सत्तारूढ़ होने अग्रसर हो रही है।  

खैरागढ़ से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर ताल ठोंकने वाले विक्रांत सिंह ने दावा किया है कि 10 से 15 हजार मतों के अंतर से कांग्रेस उम्मीदवार को शिकस्त देने में  सफल रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की राज्य में ताजपोशी हो रही है। इसमें किन्तु-परन्तु वाली बात नहीं है।  

अनुसूचित जनजाति आरक्षित मोहला-मानपुर  सीट से किस्मत आजमा रहे कांग्रेस उम्मीदवार इंद्रशाह मंडावी ने 40 हजार मतों के अंतर से भाजपा को मात देने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि जनता का उन्हें आशीर्वाद मिला है। भाजपा के संजीव शाह की हार तय है।

डोंगरगांव विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी भरत वर्मा अपनी जीत को लेकर न सिर्फ आश्वस्त हैं, बल्कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के पदासीन होने का भी दावा किया है। उनका मत है कि डोंगरगांव में 15 हजार मतों से वह जीतकर इतिहास बनाएंगे। कांग्रेस प्रत्याशी दलेश्वर साहू हार का सामना करेंगे।

डोंगरगढ़ की कांग्रेस प्रत्याशी हर्षिता स्वामी बघेल भाजपा को हराने में कामयाब रहने का दावा कर रही है। वह मानती है कि भाजपा कांग्रेस सरकार की जनहित से जुड़ी योजनाओं के सामने टिक नहीं पाई। वह 25 हजार वोंटों से जीतने का दावा कर रही है।
 


अन्य पोस्ट