राजनांदगांव

पुलिस ने दर्जनभर खाते किए सीज, कड़ी सजा देने उठ रही मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 दिसंबर। ग्रामीण युवक सुरेश जोशी हत्या का मास्टर माइंड प्रकाश गोलछा आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस हत्यारे की तलाश में सरगर्मी से आसपास के जिलों के अलावा पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र और मप्र के बालाघाट इलाके में भी खोजबीन कर रही थी। कोतवाली पुलिस ने आखिरकार प्रकाश गोलछा को महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के एक ठिकाने से गिरफ्तार किया है।
एक निर्दोष युवक की हत्या करने के आरोपी प्रकाश गोलछा को कड़ी सजा देने की मांग उठ रही है। शहर में गोलछा की करतूत को लेकर आम लोग फांसी देने के लिए आवाज उठा रहे हैं। एक रसूखदार परिवार से वास्ता रखने वाले प्रकाश गोलछा ने सिर्फ पैसों के लिए अपने एक दोस्त को फंसाने के लिए सुरेश जोशी को मौत की नींद सुला दिया।
पुलिस के अनुसार अपने कुछ साथियों को पैसे का लालच देकर प्रकाश गोलछा ने सुरेश जोशी की हत्या की साजिश की। शुरूआत में सुरेश जोशी की मौत को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फारेंसिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई।
पुलिस ने वारदात में शामिल 4 युवकों को धरदबोचा। जिनके जुबान से मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर प्रकाश गोलछा का नाम सामने आया। गोलछा ने बेहद संगीन तरीके से प्लानिंग की थी। एक टाईपिंग सेंटर से जोशी के नाम आत्महत्या का पत्र तैयार किया गया, वहीं कीटनाशक दवा दुकान की भी पुलिस ने जानकारी हासिल कर ली। सीसीटीवी से भी पुलिस को ठोस सुराग मिले।
प्रकाश गोलछा ने अपने पुराने साथी व अरिहंत एजेंसी के संचालक ज्ञानचंद बाफना के नाम पत्र लिखा, जो शव के पास मिला। इस पत्र में बाफना और उनकी पत्नी द्वारा प्रताडि़त करने का उल्लेख किया गया था। पुलिस ने परिस्थितिजन्य आधार पर हत्या की आशंका जाहिर की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर मिलने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। उधर वारदात के बाद फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने जमीन-आसमान एक कर दिया। कोतवाली पुलिस को आरोपी के गोंदिया में छुपने की जानकारी मिली। आखिरकार एक ठिकाने में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
फरार आरोपी को पकडऩे के लिए पुलिस ने दर्जनभर बैंक खातों को भी सीज कर दिया। आर्थिक सहायता भी नहीं मिलने के कारण ही आरोपी एक ही जगह छुपने के लिए मजबूर रहा। पुलिस की यह चाल कामयाब रही। अब आरोपी पुलिस गिरफ्त में है।
कोतवाली थाना प्रभारी ऐमन साहू ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
आगे की कार्रवाई जारी है।