राजनांदगांव
.jpeg)
कमला कॉलेज, स्टेट स्कूल और गौरीनगर में सांस्कृतिक आयोजन
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 23 अक्टूबर। असत्य पर सत्य की जीत के पर्व विजयादशमी के मौके पर शहर के अलग-अलग स्थानों में नयनाभिराम आतिशबाजी के साथ रावण दहन होगा। पिछले कई सालों से शहर में दशहरा पर्व को पूरे उत्साह और परंपरागत रूप से मनाया जाता है। शहर में कई समितियां रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन करती है। इसी कड़ी में म्युनिसिपल हाईस्कूल के मैदान में छत्तीसगढ़ जन महोत्सव समिति द्वारा रावण दहन के बाद गीत-संगीत से सजी एक कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी। जिसमें मशहूर पाश्र्व गायक-गायिका पवनदीप और अरूणिता की जोड़ी अपने सुमधुर आवाज से दर्शकों के बीच शमां बांधेंगी।
म्युनिसिपल स्कूल में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का 16वां साल है। समिति के अध्यक्ष सौरभ कोठारी के मुताबिक कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारी के साथ आकर्षक मनोरंजक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इधर कमला कॉलेज मैदान में भी राजा दिग्विजय दास दशहरा उत्सव समिति द्वारा विशालकाय रावण वध का कार्यक्रम किया जाएगा। 23 साल से जारी रावण दहन कार्यक्रम की एक अलग पहचान बन चुकी है। समिति के अध्यक्ष रूबी गरचा ने बताया कि आचार संहिता लागू होने के कारण 10 बजे से पूर्व रावण दहन किया जाएगा। वहीं लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए गोदना द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस प्रत्याशी गिरीश देवांगन की विशेष उपस्थिति रहेगी। इधर गौरीनगर में भी भव्य रूप से रावण दहन किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष हफीज खान ने बताया कि परंपरागत रूप से रावण का पुतला जलाया जाएगा। वहीं भव्य आतिशबाजी भी की जाएगी। स्टेट हाईस्कूल में भी राष्ट्रीय दशहरा उत्सव समिति द्वारा भी रावण दहन कार्यक्रम किया जाएगा। समिति द्वारा रावण दहन की तैयारियों को लेकर बैठकें की जा रही है। कल देर शाम को शहर के अन्य क्षेत्रों में भी रावण के पुतले जलाए जाएंगे।
तैयारियां अंतिम चरण में
विजयादशमी पर्व पर कल मंगलवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में रावण दहन का आयोजन होगा। वहीं सांस्कृतिक आयोजन भी किए जाएंगे। जिसके लिए समितियां तैयारियों में जुटी हुई है। शहर के म्युनिसिपल स्कूल मैदान, स्टेट स्कूल मैदान, कमला कॉलेज, गौरीनगर समेत अन्य स्थानों में रावण पुतले का दहन का आयोजन समितियों द्वारा किया जाएगा। इससे साथ ही विभिन्न आयोजन भी करने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में शहर समेत ग्रामीण क्षेत्र से लोग रावण दहन व अन्य आयोजन देखने शहर पहुंचेंगे। इधर जिला प्रशासन व पुलिस और यातायात विभाग भी व्यवस्था को सम्हालने तैयारी कर रहे हैं।