राजनांदगांव

साल्हेवारा क्षेत्र की घटना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 सितंबर। खैरागढ़ जिले के पठारी इलाके साल्हेवारा के एक गांव में एक महिला को पति ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने सघन जांच के बाद धरदबोचा है।
पुलिस का कहना है कि घरेलू विवाद के चलते पति ने पत्नी की जान ली। मिली जानकारी के मुताबिक साल्हेवारा क्षेत्र के बैगा बाहुल्य गोलरडीह भाठापारा में एक नहावन कार्यक्रम में शामिल होने गौतरहीनबाई अपने पति जनलाल बैगा के साथ पहुंची थी। इस दौरान 12 सितंबर की रात को कार्यक्रम के बाद गौतरहिनबाई अपने सास बैसाखिनबाई के घर सोने के लिए चली गई। रात में आराम करने के लिए उसका पति भी साथ गया। सुबह जब गौतरहिनबाई की बेटी सुकवतिनबाई अपनी दादी के घर पहुंची तो बाहर से सिटकनी लगा हुआ था। अंदर दाखिल होने पर देखा तो गौतरहिनबाई खून से लथपथ पड़ी हुई थी। आसपास के लोगों ने घर में पहुंचकर देखा तो मृतिका के गले, चेहरे और सीने में धारदार हथियार के निशान थे। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
प्रथम दृष्टया हत्या का मामला दर्ज करते हुए लोगों से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि मृतिका का अपने पति जनलाल से वाद-विवाद होता था। घटनास्थल में पति की गैरमौजूदगी से पुलिस को शक हुआ। आखिरकार पुलिस ने काफी खोजबीन के बाद पति को बगल के एक गांव से आज सुबह गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने गुनाह कबूल करते पुलिस को बताया कि आपसी विवाद के कारण गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से हत्या की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।