राजनांदगांव

मोहला-मानपुर और खैरागढ़ में भी नए अध्यक्ष की घोषणा जल्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 जुलाई। चुनावी साल में कांग्रेस सांगठनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष बने दीपक बैज के बाद जिलों में भी संगठन स्तर पर व्यापक बदलाव की तैयारी है। राजनांदगांव जिले में भी नए अध्यक्ष की सरगर्मी से तलाश शुरू हो गई है। वहीं नवगठित जिले मोहला-मानपुर और खैरागढ़ को भी जल्द नया अध्यक्ष मिल जाएगा।
बताया जा रहा है कि नए चेहरों को जिलाध्यक्ष की कमान सौंपने पर लगभग सैद्धांतिक सहमति बन चुकी है। राजनांदगांव जिले में जहां 4 विधानसभा की सीट है। वहीं मोहला-मानपुर और खैरागढ़ में एक-एक विधानसभा सीट पर परचम लहराने के लिए संगठन में बदलाव की नीति अपनाई जा रही है। आने वाले कुछ दिनों के भीतर तीनों जिलों में नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान होगा। जमीनी स्तर पर मोर्चा सम्हालने वाले कार्यकर्ताओं को मौका दिए जाने पर जोर दिया जा रहा है।
राजनीतिक रूप से कांग्रेस की स्थिति सांगठनिक स्तर पर डांवाडोल है। आपसी गुटबाजी के कारण तीनों जिलों में कांग्रेस संगठन अंदरूनी कलह से जूझ रहा है। राजनांदगांव जिले में कई नेताओं ने अपने धड़े बना लिए हैं। बढ़ती गुटबाजी के कारण संगठन का वर्चस्व लगभग खत्म हो गया है। प्रदेश नेतृत्व भी स्थानीय नेताओं के रवैये से वाकिफ है। चुनावी समर में कूदने से पहले पार्टी हाईकमान ने कार्यकर्ताओं को उपकृत करने के लिए संगठन में ही बदलाव करने का इरादा बना लिया है।
बताया जा रहा है कि राजनांदगांव में जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को जिलाध्यक्ष की कुर्सी मिल सकती है। इसके लिए काफी उठापटक भी चल रही है। मोहला-मानपुर और खैरागढ़ में नए अध्यक्ष के नाम लगभग फाईनल कर दिया गया है। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन का जिम्मा सम्हालने के लिए कई दावेदार सामने आ रहे हैं। इस बात के पूरे आसार हैं कि युवा चेहरों को ही संगठन का नेतृत्व मिल सकता है। इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष बने दीपक बैज भी काफी युवा हैं। ऐसे में जिले में युवाओं को ही पद मिलने की संभावना बढ़ गई है।