राजनांदगांव

हेलमेटधारी वाहन चालकों का सम्मान
20-Jan-2023 3:45 PM
हेलमेटधारी वाहन चालकों का सम्मान

कलेक्टर ने सडक़ सुरक्षा की दिलाई शपथ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 जनवरी।
राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा सप्ताह के समापन अवसर पर गुरूवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा सर्वेश्वरदास नगर पालिक निगम राजनांदगांव स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में हेलमेटधारी वाहन चालकों का सम्मान किया गया। कलेक्टर डोमन सिंह ने हेलमेटधारी दुपहिया वाहन चालकों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने अधिकारी-कर्मचारियों को सडक़ सुरक्षा की शपथ दिलाई। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अधिकारी-कर्मचारियों ने हेलमेट पहनकर दुपहिया वाहन रैली निकालकर सडक़ सुरक्षा जागरूकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर कलेक्टर ने उपस्थित दुपहिया वाहन चालकों एवं अधिकारी-कर्मचारियों को प्रेरक जागरूकता संदेश देते कहा कि जान है तो जहान है। उन्होंने कहा कि हेलमेटधारी दुपहिया वाहन चालकों का सम्मान करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

कलेक्टर ने कहा कि हम सब की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है कि सडक़ दुर्घटना को रोकने हेलमेट पहनकर वाहन चलाने को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से हेलमेट पहनकर कार्यालय आने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान किया जा रहा है। जिला मुख्यालय के साथ ही सभी विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों में भी यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच, सचिव द्वारा ग्राम पंचायत के पांच-पांच लोगों को सम्मानित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि समाज में एक अनूठा संदेश और उदाहरण प्रस्तुत करने यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि समाज में एक जागरूकता संदेश जाए और दुपहिया वाहन चालक नियमित रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले में सडक़ दुर्घटना में मौत महत्वपूर्ण समस्याओं में से एक है। अधिकांश सडक़ दुर्घटना से होने वाली मौत हेलमेट न पहनकर वाहन चलाने से होती है। कलेक्टर ने सभी लोगों को प्रेरित करते कहा कि जब भी कोई दुपहिया वाहन चलाएं, तो निश्चित रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं और सडक़ दुर्घटना पर रोक लगाने में अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करें।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि ज्यादातर सडक़ दुर्घटना हेलमेट न पहनकर और सीट बेल्ट न बांधकर वाहन चलाने से होती है। उन्होंने कहा कि दुपहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं और चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट बांधकर वाहन चलाएं।

उन्होंने अपनी संवेदना प्रकट करते कहा कि सडक़ दुर्घटना से अधिकांश असामयिक मौत हो जाती है। यह उस परिवार और समाज के लिए बड़ी दु:खद दुर्घटना होती है। जिसकी क्षति पूर्ति संभव नहीं होती है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सडक़ दुर्घटना में रोक लगाने के लिए सडक़ यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमित कुमार ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि सडक़ पर चलने और वाहन चलाने के दौरान यातायात नियमों का पालन कर सडक़ दुर्घटना में रोक लगाने और सुगम यातायात को सुनिश्चित करें। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम अरूण वर्मा सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट