राजनांदगांव

स्मार्ट क्लास: पालक-शिक्षकों पर टीवी-उपकरण खरीदी का दबाव बनाना गलत
15-Dec-2022 3:25 PM
स्मार्ट क्लास: पालक-शिक्षकों पर टीवी-उपकरण खरीदी का दबाव बनाना गलत

पूर्व सांसद  ने झूठी वाहवाही लूटने का लगाया आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 दिसंबर।
प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने आरोप लगाते कहा कि राज्य के पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक शालाओं में स्मार्ट क्लास संचालन का प्रयोग लेकर आई कांग्रेस सरकार स्मार्ट क्लास की आड़ में झूठी वाहवाही बटोरने की फिराक में है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश देश का ऐसा पहला राज्य है, जो स्कूली शिक्षा जैसे संवेदनशील विषय पर खर्च से बचकर जनसहयोग की बात कर रहा है और पूर्व माध्यमिक और प्राथमिक शालाओं में जनसहयोग से स्मार्ट टीवी तथा अन्य आवश्यक उपकरण के व्यवस्था की गुहार लगा रहा है। जबकि किसी भी देश या राज्य की प्रगति का मापदंड शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता को माना जाता है। स्कूल शिक्षा विभाग में ही शासकीय राशि से ऐसे कार्य हो रहे हैं, जो स्मार्ट क्लास की व्यवस्था से अधिक आवश्यक नहीं है। जिसमें निर्माण कार्य और बर्तन फर्नीचर सप्लाई जैसे आदेश है, तो फिर सरकार स्मार्ट क्लास जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था के लिए राशि खर्च करने से कैसे बच सकती है।

श्री यादव ने कहा कि कई शालाओं के शिक्षकों द्वारा पुष्ट जानकारी प्राप्त हुई है कि विभाग के अधिकारियों द्वारा जनसहयोग, पालको अन्यथा स्वयं के व्यय से अपनी शाला में स्मार्ट क्लास हेतु टीवी सहित अन्य उपकरण की व्यवस्था करने हेतु दबाव बनाया जा रहा है। ऐसे में राज्य सरकार को चाहिए कि कमीशन की आड़ में किए जा रहे अनावश्यक निर्माण कार्य तथा उपकरण सप्लाई जैसे कार्यों पर रोक लगाकर स्मार्ट क्लास हेतु टीवी एवं अन्य आवश्यक उपकरण तत्काल उपलब्ध कराएं तथा आम जनता, पालको तथा स्टाफ पर दबाव बनाना बंद करें।
 


अन्य पोस्ट