रायपुर

फ्लो साइटोमेट्री पर 27 से राष्ट्रीय सेमीनार
26-Jul-2021 7:15 PM
फ्लो साइटोमेट्री पर 27 से राष्ट्रीय सेमीनार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 जुलाई। पं. जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के पैथोलॉजी विभाग के तत्वाधान में फ्लो साइटोमेट्री पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय सेमीनार एवं कार्यशाला का आयोजन 27 से 29 जुलाई को किया जा रहा है। फ्लो साइटोमिटर से रक्त के विभिन्न विकारों जैसे रक्त कैंसर (ल्यूकिमिया) एवं लिम्फ ग्रंथियों के कैंसर (लिम्फोमा) के सटीक निदान (डायग्नोसिस) में मदद मिलती है। इससे यथासमय सही निदान संभव होता है जिससे इन मरीजों का बेहतर ईलाज संभव हो पाता है। इसके अलावा फ्लो साइटोमेट्री का प्रयोग अंग प्रत्यारोपण के समय अंगदाता और मरीज के अंगों के मिलान (एम.एच.सी./एच.एल.ए. टाइपिंग) और क्रोमोसोम्स सम्बंधित विकारों व अनियमितता का पता लगाने में भी किया जाता है। यह मशीन छत्तीसगढ़ प्रदेश के केवल चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर में ही स्थापित की गई है।

इस आयोजन के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अशोक चन्द्राकर होंगे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में संचालक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आर. के. सिंह और अधिष्ठाता डॉ. विष्णु दत्त शामिल होंगे। आयोजन अध्यक्ष विभागाध्यक्ष डॉ. अरविन्द नेरल और आयोजन सचिव डॉ. राबिया परवीन सिद्दकी हैं।

इस वैज्ञानिक सीएमई में एम्स नई दिल्ली की हिमेटोलॉजिस्ट डॉ. जस्मीता दास, भिलाई सेक्टर 9 अस्पताल के हिमेटोलॉजिस्ट डॉ. गुरमीत सिंह एवं रेडियोथैरेपी विभाग के डॉ. पीके चन्द्राकर हिमेटोलॉजिकल मैलीग्नेन्सीस के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखेंगे। इनके अलावा डॉ. राबिया परवीन सिद्दकी, डॉ. चन्द्रकला जोशी, डॉ. जयन्ती चन्द्राकर, डॉ. वर्षा पाण्डेय, डॉ. अमित कुमार भारद्वाज, डॉ. वनिता भास्कर और डॉ. महिमा मित्तल के व्याख्यान शामिल किए गए हैं। कार्यशाला में डॉ. प्रदीप कुमार राय और डॉ. एस. व्ही. बालाजी हैन्ड्स ऑन तकनीकी की ट्रेनिंग देंगे। आयोजन अध्यक्ष डॉ. अरविन्द नेरल ने एक प्रेस विज्ञप्ति में जानकारी दी कि इस वर्कशॉप में प्रदेश के सभी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों के पैथोलॉजी विभाग से 2-2 प्रतिभागियों सहित कुल 22-24 प्रतिभागी शिरकत करेंगे, जबकि सी.एम.ई. में 70 से 80 पैथोलॉजिस्ट्स के भाग लेने की संभावना है। इस महत्वपूर्ण आयोजन को छत्तीसगढ़ मेडिकल कौंसिल ने मान्यता प्रदान की है और प्रतिभागियों को 6 क्रेडिट अंक देने की अनुमति प्रदान की है। अंतिम दिन 29 जुलाई को समापन समारोह का संचालन प्रोफेसर डॉ. राबिया परवीन सिद्दकी करेंगी।


अन्य पोस्ट