रायपुर

मप्र-छग में पहले नहीं हुई किसी आईपीएस के यहां छापेमारी...
01-Jul-2021 7:24 PM
 मप्र-छग में पहले नहीं हुई किसी  आईपीएस के यहां छापेमारी...

जीपी सिंह के यहां छापेमारी से हडक़ंप, विवादों में रहे हैं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 जुलाई। अविभाजित मध्यप्रदेश, और छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार किसी एडीजी स्तर के अफसर के यहां छापेमारी हुई है। पिछली सरकार में बेहद पॉवरफुल रहे एडीजी जीपी सिंह के खिलाफ कई गंभीर शिकायतें आई थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस पर बिना देरी किए एसीबी को जीपी सिंह के खिलाफ कार्रवाई की अनुमति दे दी। एसीबी की इस कार्रवाई से पुलिस, और प्रशासनिक महकमे में हडक़ंप मच गया है।

भारतीय पुलिस सेवा के 94 बैच के अफसर जीपी सिंह कई बार गंभीर आरोप लगे, लेकिन कार्रवाई तो दूर शिकायतों की जांच भी नहीं हुई। अपने सेवाकाल में ज्यादातर विवादों में रहे हैं। पिछली सरकार में उन पर जूनियर आईपीएस अफसर राहुल शर्मा को प्रताडि़त करने का आरोप भी लगा था। राहुल शर्मा ने आत्महत्या  कर ली थी। उस समय मामले की सीबीआई जांच के लिए दबाव भी बना था।

बताते हैं कि सीबीआई ने इस प्रकरण को नोटिस में भी लिया था, लेकिन राज्य सरकार ने सीबीआई जांच में रूचि नहीं दिखाई, और मामला ठंडे बस्ते में चला गया। यही नहीं, एक पूर्व कांग्रेस नेता ने बकायदा प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर जीपी सिंह पर उगाही के गंभीर आरोप लगाए थे, लेकिन इस मामले पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जीपी सिंह जब बस्तर एसपी थे तब तत्कालीन आईजी एडब्ल्यू अंसारी के साथ विवाद सुर्खियों रहा।

तमाम विवादों के बावजूद वे पिछली सरकार में बेहद पॉवरफुल रहे। वे रायपुर, के अलावा बिलासपुर, और दुर्ग आईजी रहे। रायपुर आईजी रहते, पीएचक्यू में उपकरण खरीदी के प्रभारी थे। भूपेश सरकार ने पहले तो एसीबी-ईओडब्ल्यू का मुखिया बनाया, लेकिन गंभीर शिकायत आने के बाद उन्हें पद से हटा भी दिया। अविभाजित मध्यप्रदेश, और छत्तीसगढ़ में किसी भी पुलिस अफसर के यहां शिकायतों के बावजूद एसीबी ने इससे पहले कार्रवाई नहीं की थी।

यह बात भी गौर करने लायक है कि उनके जूनियर एसीबी के प्रमुख आरिफ शेख के नेतृत्व में छापेमारी हुई है। सुबह-सुबह सोशल मीडिया, और टीवी चैनलों के जरिए कार्रवाई की जानकारी मिली, तो पुलिस, प्रशासनिक, और राजनीतिक हलकों में हडक़ंप मच गया। सूत्रों के मुताबिक जांच में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कई बार कह चुके हैं कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ भ्रष्टाचार, और अन्य किस्म की गंभीर शिकायत होने पर बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह कितने भी ऊंचे पद पर हो। इस छापेमारी से यह साबित भी हुआ है।


अन्य पोस्ट