रायपुर
रायपुर, 22 जून। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के मीडिया प्रमुख इकबाल अहमद रिजवी ने भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र प्रेषित कर अपने सुझाव में कहा है कि चुनाव पूर्व आज तक देश के इतिहास में घोषणा पत्र की विश्वसनीयता शंकास्पद ही रही है तथा घोषणा पत्र में किए गए वादों के लिए उक्त दल बंधनकारी भी नहीं होता है।
रिजवी ने आयोग से कहा है कि वह सभी राजनैतिक दलों को घोषणा पत्र के स्थान पर शपथ पत्र जारी करने निर्देशित करें ताकि शपथकर्ता दल के विरूद्ध झूठे वादों के लिए मुकदमा दायर हो सके क्योंकि झूठा शपथ पत्र पेश करने के लिए कानून में दो साल की सजा का प्रावधान है।
रिजवी ने जकांछ के संस्थापक अध्यक्ष प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी द्वारा चुनाव पूर्व प्रस्तुत शपथ पत्र का हवाला देते हुए कहा है कि देश के चुनावी इतिहास में यह प्रथम अवसर था जब जोगी जी ने नोटराईज हलफनामा में दल के वादों का उल्लेख किया था।