रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 जून। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की रविवार को बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया। जिसमें कहा गया कि सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। अपनी असफलता को छिपाने के लिए दुष्प्रचार कर रही है।
राजनीतिक प्रस्ताव पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने पेश किया, जिसका समर्थन अन्य नेताओं ने किया। राजनीतिक प्रस्ताव में पीडीएस में गड़बड़ी का जिक्र किया गया, और कहा गया कि केन्द्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई चांवल को बांट नहीं सकी है।
कोरोना संक्रमण से भी सरकार सही ढंग से नहीं निपट पाई है। यही वजह है कि बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है। सरकार के ढाई साल हो गए हैं, लेकिन बेरोजगारी भत्ता, और शराब बंदी जैसे वादों को पूरा करने में सफल नहीं हुई है।
पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश ने टीकाकरण के लिए लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने केन्द्र सरकार के कामकाज की तारीफ की, और सर्वे का जिक्र कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रियता हासिल हुई है। शिवप्रकाश ने राज्य सरकार के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से आंदोलन पर जोर दिया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, रामविचार नेताम, बृजमोहन अग्रवाल सहित अन्य नेता थे।