रायपुर
एमआईसी की बैठक में कई प्रस्तावों को मंजूरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 जून। रायपुर नगर निगम के मेयर इन काउंसिल की बैठक में कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। चौबे कॉलोनी-समता कॉलोनी मुख्य मार्ग शहीद राजीव पाण्डेय के नाम पर करने का निर्णय लिया गया।
मेयर एजाज ढेबर, और कमिश्नर प्रभात मलिक की मौजूदगी में कई प्रस्तावों पर सहमति दी गई। बैठक में कोतवाली थाना निर्माण से प्रभावित तीन दूकानदारों को हाईकोर्ट के आदेशानुसार दूकान आबंटित करने का फैसला लिया गया है।
बैठक में कमल विहार की कॉलोनियों का मेंटनेस का जिम्मा नगर निगम को सौंपने का पत्र आया है, जिस पर कोई फैसला नहीं हुआ। इस सिलसिले में पूरी जानकारी बुलाई गई है। बैठक में निराश्रित पेंशन के 330 प्रकरण स्वीकृत किए गए। इसी तरह 48 परिवार कल्याण पेंशन योजना के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में फायर ब्रिगेड चौक का नाम राजीव गांधी के नाम पर करने का फैसला लिया गया। साथ ही इसके सौंदर्यीकरण के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।