रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 जून। महंगाई के खिलाफ प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को धरना दिया। पदाधिकारी अपने-अपने घरों के बाहर, और पार्टी दफ्तर में धरने पर बैठे। बढ़ती महंगाई के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केन्द्र सरकार को आड़े हाथों लिया।
पेट्रोल-डीजल से लेकर खाद्य पदार्थों, और वस्तुओं के दामों में बढ़ोत्तरी के खिलाफ कांग्रेस धरना-प्रदर्शन कर रही है। इस कड़ी में आज सभी जिलों-ब्लॉकों में धरना दिया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने अपने बस्तर बाड़ा स्थित निवास के बाहर धरना दिया। उनके साथ राज्यसभा सदस्य छाया वर्मा, चंद्रशेखर शुक्ला भी धरने पर बैठे।
दूसरी तरफ, राजीव भवन में भी पार्टी नेता राम गोपाल अग्रवाल, गिरीश देवांगन, शैलेष नितिन त्रिवेदी सहित अन्य प्रमुख नेताओं ने धरना दिया। राजीव भवन के सामने धरना प्रदर्शन में हाथठेले पर बाइक रखकर पेट्रोल की महंगाई के खिलाफ अनूठा प्रदर्शन किया गया। बाकी जिलों में भी धरना-प्रदर्शन चल रहा है।
मरकाम के साथ राज्यसभा सदस्य छाया वर्मा, प्रदेश के प्रभारी महामंत्री संगठन चंद्रशेखर शुक्ला, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह, प्रदेश सचिव पंकज शर्मा, कांग्रेस संचार विभाग सदस्य सुशील आनंद शुक्ला, प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, प्रवक्ता विकास तिवारी, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कोको पाढ़ी, सरिक रईस खान, मोहमद अली, सुबोध हरितवाल, साक्षी वर्मा उपस्थित थे।
प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष गिरीश देवांगन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेन्द्र तिवारी, कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय राजीव भवन के सामने धरना दिया।
हाऊसिंग बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा ने देवेन्द्र नगर तिराहे पर धरना दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में दौरान पच्चीस पचास पैसे की बढ़ोतरी पर भाजपा महिलाओं के द्वारा गैस सिलेंडर को कंधे में उठाकर नौटंकी करने की बात कही। धरने में शहर जिला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने भी तख्ती हाथ में लिए विरोध प्रदर्शन किया जिसमें प्रमुख रूप से ब्लॉक अध्यक्ष सुनील भुवाल, पूर्व पार्षद जसबीर ढिल्लन, सत्तु सिंह, संजय सोनी, रमेश यादव, महेंद्र सेन, शशिकांत विभार, राकेश राजपूत, चंद्रमणि तांडी सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।
