रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 जून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने गुरूवार को यहां कहा कि मोदी सरकार के 7 साल के कार्यकाल में हर वस्तुओं के दाम दोगुने हो गए हैं। खाद्य पदार्थों के दाम बढ़े हैं, लेकिन इसका फायदा किसानों को नहीं मिला। सिर्फ बिचौलियों को ही फायदा मिला है।
मरकाम ने मीडिया से चर्चा में कहा कि खाद्य तेलों के दाम दोगुने हो गए। खाद्य पदार्थों के दाम दोगुने हो गए। सडक़ परिवहन, रेल यात्रा के दाम दोगुने हो गए। सब्जियों के दाम दोगुने हुए। खेती के उर्वरकों के दाम बढ़े।
उन्होंने कहा कि एक तरफ खाद्य पदार्थो के दाम बढ़े, दूसरी ओर किसानों की आमदनी घटी, खाद्य पदार्थो के दाम बढऩे का फायदा बिचौलियों को मिला। खाद्य तेलों के दाम पिछले दो वर्ष में लगभग दोगुने हुए है। एक तरफ तो महंगाई बढ़ी, दूसरी तरफ मोदी सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन के कारण लोगों की कमाई घटी, रोजगार के संसाधन घटे, नौकरियां गईं। नोटबंदी जीएसटी से व्यापार-व्यवसाय तबाह हुए। कोरोना जैसी महामारी में मोदी सरकार की अकर्मण्यता के कारण इलाज और दवाईयों में लोगों की जमा पूंजी, जमीन जायदाद खत्म हो गया।
मरकाम ने कहा कि कोरोना के बाद महंगाई भी राष्ट्रीय आपदा साबित होने जा रही है। खाने के तेलों के दाम दोगुने हो गए, रसोई पर बोझ अभी और बढ़ेगा। जब जनता की जेब में पैसा डालना चाहिए नरेंद्र मोदी जेबों पर डाका डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल से भारत की जनता कोरोना महामारी की मार झेल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अदूरदर्शी और जनविरोधी नीतियों ने कोरोना की बीमारी के समय में जीवन को और कठिन बनाया है। चाहे वह अचानक किया हुआ लॉकडाउन हो, अस्पतालों से लेकर ऑक्सीजन तक का इंतजाम हो या फिर वैक्सीन की नीति, हर जगह नरेंद्र मोदी सरकार विफल दिखाई देती है।
गलत नीतियों और व्यवस्था बनाने में विफलता की वजह से लाखों लोगों की जानें चली गई हैं। लाखों परिवार में कमाई करने वाला मुखिया ही चल बसा है। उद्योग और कारोबार ठप्प होने से रोजग़ार का संकट पैदा हो गया है। ऐसे समय में नरेंद्र मोदी की सरकार देश में महंगाई बढ़ाने में लगी हुई है। पेट्रोल, डीजल और केरोसिन के दाम हों या गैस सिलेंडर के, खाने के तेल की क़ीमतें हों या फिर साधारण बीमारियों में काम में आने वाली दवाओं की, हर चीज लगातार महंगी होती जा रही है।