रायपुर

जैन साधु-साध्वियों को पैदल विहार में मिलेगी सुरक्षा
03-Jun-2021 6:16 PM
जैन साधु-साध्वियों को पैदल विहार में मिलेगी सुरक्षा

रायपुर, 3 जून। 23 जुलाई से शुरू हो रहे चातुर्मास के लिए जैन साधु, साध्वियों के एक शहर से दूसरे में विहार करने का सिलसिला अब फिर से शुरू होने वाला है। कोरोना महामारी को देखते हुए प्रदेश में लगे लॉकडाउन के चलते विहार थम गया था। अब लॉकडाउन में छूट दी जा चुकी है। कुछ ही दिनों में फिर से साधु-साध्वी चातुर्मास के लिए विहार करना शुरू कर देंगे। 

ज्ञात को की जैन समाज मे चातुर्मास का विशेष महत्व है जो इस वर्ष 23 जुलाई से प्रारंभ हो रहा है, वर्तमान में कोरोना की वजह से आंशिक लॉकडाउन की स्थिति निर्मित है जिसके चलते अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष महेंद्र सिंह छाबड़ा ने चातुर्मास का उल्लेख करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखकर जैन साधु साध्वियों के लिए विहार में आवश्यक सहयोग देने का अनुरोध किया था जिसपर शासन ने यह आदेश जारी किया है।
प्रशासन ने सभी जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि जिस मार्ग से भी जैन साधु-साध्वी गुजरें वहां आवश्यक सहयोग और सुरक्षा प्रदान की जाए। 

साधु-साध्वी महाराष्ट्र के नागपुर गोंदिया से होते हुए राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर और ओडिशा के खरियार रोड से महासमुंद, राजिम तथा तेलंगाना से दंतेवाड़ा, जगदलपुर, झारखंड, बिहार सीमा से जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर आदि शहरों में जाएंगे।
कुछ ही दिनों में साधु-साध्वी विहार करेंगे और 15 से 20 जुलाई तक विविध शहरों में पहुंच जाएंगे। 23 जुलाई से शुरू हो रही चातुर्मासिक आराधना का दौर 19 नवंबर कार्तिक पूर्णिमा तक चलेगा। पिछले साल की तहर इस बार भी कोरोना नियमों का पालन करते हुए सादगी से अथवा ऑनलाइन प्रवचन होगा। जैन समाज ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है। 
 


अन्य पोस्ट